दुनियाभर के मौसम वैज्ञानिक इन दिनों अल नीनो एक्टिव होने की बातें कर रहे हैं. हालांकि भारत पर अभी तक इसका कोई खास असर नहीं दिखा है. मॉनसून के चलते देश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम सिस्टम एक्टिव होने की बात कही है. इसके चलते देश के कई राज्यों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
IMD के मुताबिक पश्चिम बंगाल, ओडिशा, नॉर्थ ईस्ट, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत अन्य कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं. ये सिस्टम अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए ओडिशा और बंगाल के कई क्षेत्रों से गुजर सकता है. इस कारण अगले 2-3 दिनों में ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है.
पूर्वी यूपी और एमपी का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी. IMD ने इससे पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया था. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है. वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत के जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी बारिश की संभावना है.
कहां-कहां बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अगस्त तक तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. उत्तराखंड में 28 अगस्त तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने जैसी घटनाएं देखने को मिल सकती हैं.
बंगाल, झारखंड और बिहार में तेज बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं. ओडिशा में 28 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल और झारखंड में 24 अगस्त, बिहार में 24-27 अगस्त के दौरान भारी बारिश के आसार हैं. इसके अलावा बिहार में कई जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा है. झारखंड, ओडिशा और बंगाल के कुछ हिस्सों में 26 अगस्त तक 30-40 किमी घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें
EXCLUSIVE: 150 से ज्यादा छर्रे… पेलेट गन से घायल साहिल ने सुनाई आपबीती
