Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग के पर्सनल लाइफ और कथित चीनी जासूस के साथ कनेक्शन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. इस मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनके सपोर्ट में उतरे हैं. ट्रंप ने सोमवार को कहा है कि जेन्सेन को एफबीआई की जांच से घबराने की जरुरत नहीं है.
व्हाइट हाउस में बात करते दौरान ट्रंप ने कहा, “मुझे पता है कि एफबीआई किसी अन्य मामले के सिलसिले में इसकी जांच कर रही है और मुझे लगता है कि उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं होगी.”
जेन्सेन को नहीं था अंदाजा
ट्रंप ने कहा, “मैंने आज उससे बात की. बस यह जानने के लिए कि क्या वह ठीक है और आप कैसे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि जिस व्यक्ति की बात हो रही है वह एक जासूस है.”
जेन्सेन हुआंग से जुड़ी इस निजी बात के सामने आने से अमेरिका के राजनीतिक गलियारों और टेक जगत में हड़कंप मच गया है. इससे यह चिंता भी बढ़ गई है कि क्या चीन ने एनवीडिया के बनाए गए उन अत्याधुनिक चिप्स तक पहुंच बना ली है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तकनीक को आगे बढ़ाने में बेहद अहम हैं.
एनवीडिया ने स्वतंत्र जांच शुरू की
एनवीडिया ने रविवार को घोषणा की है कि वह उन खबरों की स्वतंत्र जांच कर रही है जिनमें कहा गया है कि हुआंग विदेशी खुफिया गतिविधियों का निशाना बने थे. हुआंग ने एक बिजनेस एग्जीक्यूटिव के साथ करीबी रिश्ते की बात स्वीकार की है. उन्होंने एनवीडिया की वेबसाइट पर एक ओपन लेटर जारी कर अपनी पत्नी और कंपनी से माफी मांगी है. हालांकि उन्होंने उस महिला की पहचान नहीं बताई है. लेटर में हुआंग ने कहा, “मैं इस जांच का समर्थन करता हूं और इसमें पूरा सहयोग दूंगा. मैं अपने देश और अपनी कंपनी से प्यार करता हूं. मैं एनवीडिया की सुरक्षा करने और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं.”
