मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर 2026 को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया जंतर-मंतर पहुंचे. उन्होंने कहा, किसी को जंतर-मंतर आने का शौक नहीं है. सब अपना काम करने वाले हैं. एक तो आपकी गलतियों की वजह से हमें प्रोटेस्ट पर आना पड़ता है और आप प्रेटेस्ट भी नहीं करने देते. ये वोट देने के अधिकार का मामला है. देश में कहीं भी विरोध करें.’ वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुंबई में प्रदर्शन का ऐलान किया है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर AISA समेत कई संगठन प्रदर्शन के लिए पहुंचे. पुलिस ने प्रदर्शन करने पहुंचे AAP नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी समेत 700 लोगों को हिरासत में ले लिया है. दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार (2 अक्टूबर) को राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और जंतर-मंतर के नजदीक स्थित पटेल चौक सहित 12 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया.
मुंबई में प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात
सीजेपी के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया. पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने 4 बजे प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मध्य मुंबई में दादर स्टेशन और शिवाजी पार्क मैदान के आसपास सुरक्षा कड़ी की है. शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर बैरिकेड भी लगाए गए हैं. वहीं स्थानीय लोगों ने अपने पड़ोस में प्रदर्शन आयोजित किए जाने का कड़ा विरोध किया है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नजदीकी दादर इलाके में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है.
सीजेपी ने लोगों से धरनास्थल पर पहुंचने की अपील की
सीजेपी के नेताओं ने मुंबई की जनता से धरनास्थल पर भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है. सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि अगर जेल जाने से 13 करोड़ लोगों के वोट वापस मिल सकते हैं और अगर जेल जाने से ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय हो सकती है, तो हम जेल जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार इस देश के सबसे बड़े गद्दार हैं. वोटर लिस्ट से 13 करोड़ वोटरों के नाम हटाने के लिए वही जिम्मेदार हैं. इस देश में अब तक किसी ने इससे बड़ा धोखा नहीं दिया है. हम उन्हीं 13 करोड़ लोगों के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं. आज मुझे उम्मीद है कि मुंबई में हजारों लोग मौजूद रहेंगे और यहां भारी भीड़ जमा होगी.’
अभिजीत दीपके ने प्रोटेस्ट को लेकर लगाई गई पाबंदियों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि शिवाजी पार्क पर विरोध करना जनता के लिए असुविधा है तो दिल्ली में मेट्रो बंद करना क्या है? कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि फेक नैरेटिव बढ़ाने में कामयाबी नहीं मिलेगी.
