जम्मू-कश्मीर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है. जम्मू-कश्मीर डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (JKDFA) ने दूध के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का फैसला लिया है. नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं. एसोसिएशन का कहना है कि डेयरी कारोबार से जुड़े किसानों और सप्लायरों पर बढ़ते खर्च और महंगाई के दबाव को देखते हुए यह फैसला लेना पड़ा.
जेकेडीएफए के अध्यक्ष संदीप सिंह चिब ने विश्व दुग्ध दिवस के मौके पर इस बढ़ोतरी की घोषणा की. उन्होंने कहा कि पशुओं के चारे, दवाइयों, परिवहन और अन्य जरूरी खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
ऐसे में डेयरी किसानों के लिए पुराने दामों पर काम करना मुश्किल होता जा रहा था. इसी कारण सभी श्रेणियों के दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर की समान बढ़ोतरी की गई है.
नई दरों के मुताबिक जम्मू शहर में फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. गाय के दूध की कीमत 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. वहीं टोन्ड दूध 60 रुपये और डबल टोन्ड दूध 54 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा.
एसोसिएशन ने बताया कि जम्मू और कश्मीर संभाग के अन्य इलाकों में दूध की कीमतें स्थानीय परिस्थितियों और सप्लाई व्यवस्था के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं.
ग्रामीण और शहरी इलाकों पर पड़ेगा असर
कश्मीर घाटी में इस बढ़ोतरी से पहले दूध की औसत कीमत करीब 54 रुपये प्रति लीटर थी. ग्रामीण क्षेत्रों में दूध आमतौर पर 50 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिकता है, जबकि शहरों और बड़े कस्बों में इसकी कीमत 55 से 60 रुपये प्रति लीटर तक रहती है. ऐसे में नई बढ़ोतरी का असर ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों के उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना है.
दूध की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर हुई है जब आम लोग पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं. ईंधन, खाद्य पदार्थों, दवाइयों और अन्य जरूरी सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं.
जम्मू-कश्मीर में गिरने वाली है उमर अब्दुल्ला की सरकार? सुनील शर्मा बोले- डूबते जहाज को बचाने…
ऐसे में दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज के महंगा होने से घरों का मासिक बजट और प्रभावित हो सकता है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों वाले परिवारों पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका है.
