हाल ही में हुई भारी बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर शुक्रवार (31 जुलाई) को बड़े स्तर पर मरम्मत का काम किया जाएगा. इसी वजह से पूरे दिन इस हाईवे पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले अपनी योजना बदलने और एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.
पिछले कुछ दिनों में जम्मू संभाग में हुई लगातार बारिश के चलते उधमपुर और रामबन जिलों में कई जगह पहाड़ियों से मलबा, मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गए. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग को काफी नुकसान पहुंचा. कई स्थानों पर सड़क धंस गई और यातायात बार-बार बाधित होता रहा.
वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की पहल, ₹40 लाख की राहत सामग्री दी
कई दिनों तक प्रभावित रहा यातायात
बारिश के दौरान जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने कई बार सिर्फ एक लेन से वाहनों की आवाजाही कराकर हाईवे को चालू रखने की कोशिश की. हालांकि लगातार खराब मौसम और भूस्खलन की वजह से कई बार हाईवे को पूरी तरह बंद भी करना पड़ा. फिलहाल मार्ग खुला है, लेकिन कई हिस्सों में सड़क की हालत खराब होने के कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी है.
हाईवे को सुरक्षित और पहले की तरह सुचारू बनाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) शुक्रवार को विशेष मरम्मत अभियान चलाएगी. इस दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, सड़क से मलबा हटाने और जरूरी तकनीकी काम किए जाएंगे ताकि भविष्य में यातायात प्रभावित न हो.
इल्तिजा मुफ्ती का सज्जाद लोन पर हमला, ‘गटर के स्तर…’
यात्रा से पहले जानकारी जरूर लें
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान शुक्रवार को किसी भी वाहन को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे में यात्रियों और मालवाहक वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सफर पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर लें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. मरम्मत का काम पूरा होने के बाद हाईवे को सामान्य यातायात के लिए फिर से खोल दिया जाएगा.
