उत्तर प्रदेश के जालौन में एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट, लूटपाट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित का आरोप है कि पहले उसे रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा गया, फिर उसका मोबाइल, सोने की चेन और अंगूठी छीन ली गई. इसके बाद उसे फार्महाउस ले जाकर दोबारा मारपीट की गई, जूतों की माला पहनाई गई और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई.
पीड़ित ने पूरे मामले में प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच की बात कही है.
यह भी पढ़ें: ‘समझौता नहीं, संघर्ष होगा…’, छात्रों के मुद्दे पर अखिलेश यादव का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
क्या है पूरा मामला ?
पीड़ित के अनुसार, 19 जुलाई को वह एक परिचित महिला के घर शोक संवेदना व्यक्त करने गया था. वहां कुछ समय रुकने के बाद शाम करीब 7:30 बजे वह अपने गांव लौट रहा था. आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने तीन-चार चारपहिया वाहनों और चार-पांच मोटरसाइकिलों से उसका रास्ता रोक लिया.
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे बाइक से नीचे गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. उसने आरोप लगाया कि हमलावरों में चंद्रपाल, श्याम सिंह, बबलू राणा, श्रीकांत उर्फ सल्लू सहित अन्य लोग शामिल थे. मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन, गले की सोने की चेन, अंगूठी और नकदी भी छीन ली गई.
फॉर्महाउस पर ले जाकर पीटा
पीड़ित ने आगे आरोप लगाया कि इसके बाद उसे जबरन एक फार्महाउस (कालपी क्षेत्र) ले जाया गया, जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई. आरोप है कि उसके चेहरे पर चप्पलों से प्रहार किए गए, गले में जूतों की माला पहनाकर उसका अपमान किया गया और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया.
पीड़ित का कहना है कि उसकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी. उसके अनुसार, यह विवाद ग्राम पंचायत से जुड़े एक मामले और उस संबंध में हो रही बैठकों के कारण पैदा हुआ. उसने दावा किया कि पहले भी उसे कई बार धमकियां मिल चुकी थीं. इस संबंध में उसने पहले भी पुलिस को शिकायत दी थी, जिस पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे लगातार डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं.
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.
