Headlines

झारखंड में 10 साल बाद शिक्षक पात्रता परीक्षा, गिरिडीह में 32043 अभ्यर्थी हुए शामिल


झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को लेकर अभ्यर्थियों का करीब एक दशक लंबा इंतजार आखिरकार रविवार को खत्म हो गया. लंबे समय से परीक्षा आयोजित होने की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थी आज अपनी मेहनत और तैयारी का इम्तिहान दे रहे हैं. गिरिडीह जिले में परीक्षा के लिए कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 32,043 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं.

परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और पूरी तरह कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है, परीक्षा को लेकर सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई. केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ और परीक्षा को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है. लंबे अंतराल के बाद जेटेट परीक्षा आयोजित होने से अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह है.

झारखंड: नवविवाहित दंपती ने की आत्महत्या, दोनों ने कंबल में लिपटकर लगाई आग

गिरिडीह के सभी 46 परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

वहीं, प्रशासन भी परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है, गिरिडीह जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. इसके अलावा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था तथा अग्निशमन की भी समुचित तैयारी की गई है.

परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी, ताकि परीक्षा के दौरान अनावश्यक भीड़ और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके, वहीं पेपर लीक, फर्जी प्रश्नपत्र और परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए साइबर सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रख रहा है.

दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही परीक्षा

प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सतर्कता बरतने की व्यवस्था की है, जेटेट की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के लिए परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है. इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से प्रवेश दिया जा रहा है. जबकि सुबह 9 बजे मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा.

वहीं दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी. इस पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा तथा दोपहर 1:30 बजे मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा, निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी, जिले में परीक्षा केंद्रों का प्रखंडवार निर्धारण किया गया है. इनमें गिरिडीह प्रखंड में सबसे अधिक 27 केंद्र बनाए गए हैं. 

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध

इसके अलावा डुमरी में 6, बेंगाबाद में 4, गांडेय में 4, जमुआ में 3 और पीरटांड़ में 2 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी बॉलपॉइंट पेन ले जाने की अनुमति है. मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, पाउच और किसी भी प्रकार के नोट्स ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा. 

ओएमआर शीट में त्रुटि पर रद्द हो सकती है उम्मीदवारी

परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से ली जा रही है. अभ्यर्थियों को भाषा, विषय और श्रेणी से संबंधित प्रविष्टियां सावधानीपूर्वक भरने का निर्देश दिया गया है. एक बार गलत प्रविष्टि होने पर उसमें सुधार का प्रावधान नहीं होगा. ओएमआर शीट में किसी भी प्रकार की त्रुटि या छेड़छाड़ होने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है.

परीक्षा में शामिल होने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों, विशेषकर दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित और दोनों हाथों से अक्षम अभ्यर्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. साथ ही आवश्यकतानुसार श्रुतिलेखक की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. करीब दस वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उम्मीदें हैं. अब सभी की निगाहें परीक्षा के निष्पक्ष और सफल संचालन पर टिकी हैं. जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजामों के बीच जेटेट की परीक्षा जारी है.

झारखंड कांग्रेस के नेता भी दिल्ली रैली में जुटेंगे, केशव महतो का BJP-CEC पर हमला



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *