Headlines

ट्रंप का अमेरिकी मीडिया पर एक्शन, CNN-Politico और MS NOW पर लगाया बैन


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनएन, पालिटिको और एमएस नाव को व्हाइट हाउस से बैन करने का ऐलान किया है. ट्रंप ने ट्रूथ सोशन पर पोस्ट करते हुए इन मीडिया संस्थानों पर लगातार ‘फेक न्यूज’ प्रकाशित और प्रसारित करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति, ट्रंप प्रशासन या अमेरिका की कवरेज के दौरान मीडिया संस्थानों को लगातार ‘काल्पनिक खबरें और झूठ’ लिखने या रिपोर्ट करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए.

ट्रंप ने Truth Social पर क्या कहा

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि तत्काल प्रभाव से मैं फेक न्यूज सीएनएन, एमनाव (जिसने हाल ही में कम दर्शकों और विश्वसनीयता की कमी के कारण MSNBC से अपना नाम बदला है!) और पालिटिको को व्हाइट हाउस से बैन कर रहा हूं.”

ट्रंप ने पालिटिको को लेकर आरोप लगाया कि उसे ‘क्रूकेड जो बाइडन’ के कार्यकाल में अमेरिका की सरकार से 8 मिलियन डॉलर की एक अवैध और हास्यास्पद सब्सक्रिप्शन राशि मिली थी. ट्रंप ने इसे अब तक की सबसे बड़ी राशि बताते हुए सवाल उठाया और इसे भ्रष्टाचार जैसा बताया.

ट्रंप ने आगे कहा कि दूसरे ‘फेक न्यूज’ मीडिया संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद.

प्रेस पूल से बाहर रह सकते हैं तीनों मीडिया संस्थान

अगर ट्रंप का यह बैन लागू होता है, तो सीएनएन, पालिटिको और एमएस नाव इसे अदालत में चुनौती दे सकते हैं. हालांकि, जब तक इस मामले में कोई फैसला नहीं आता, तब तक इन मीडिया संस्थानों को व्हाइट हाउस के प्रेस पूल से बाहर रखा जा सकता है.

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका में आगामी मिडटर्म चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने वाली हैं. ऐसे में व्हाइट हाउस और प्रमुख मीडिया संस्थानों के बीच यह विवाद आगे भी बढ़ सकता है.

AP पर भी पहले कार्रवाई कर चुके हैं ट्रंप

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी बड़े मीडिया संस्थान को व्हाइट हाउस प्रेस पूल से बाहर करने की कोशिश की है. फरवरी 2025 में ट्रंप ने एसोसिएटेड प्रेस (AP) को व्हाइट हाउस से बैन कर दिया था.

AP ने ट्रंप के इस फैसले को संघीय अदालत में चुनौती दी थी. इस मामले में अभी तक कानूनी प्रक्रिया जारी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *