कांग्रेस के ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार (1 अगस्त 2026) को तमिलनाडु के महाबलीपुरम में पार्टी संगठन की बड़ी बैठक करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, सुबह 10:30 बजे होने वाली इस बैठक में राहुल गांधी तमिलनाडु के 74 जिला अध्यक्षों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करेंगे.
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक रोडमैप साझा करेंगे. बैठक का मुख्य फोकस बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करना और कार्यकर्ताओं को अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ना होगा.
बैठक के बाद राहुल गांधी राज्य के सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पूर्व उम्मीदवारों के साथ अलग से बैठक करेंगे. इस दौरान तमिलनाडु कांग्रेस में नई ऊर्जा भरने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर मंथन होगा. सूत्रों का कहना है कि लंबे समय बाद तमिलनाडु में कांग्रेस को सत्ता में भागीदारी मिली है और पार्टी अब इस राजनीतिक अवसर को मजबूत संगठनात्मक आधार में बदलना चाहती है.
तमिलनाडु के प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा कि ‘संगठन सृजन’ अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जागरूक करना, कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और प्रत्येक बूथ पर मजबूत संगठनात्मक ढांचा खड़ा करना है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यह बैठक कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी और तमिलनाडु में कांग्रेस नए सिरे से संगठन विस्तार के अभियान को गति दे रही है.
कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने शुक्रवार को पीएमके प्रमुख अंबुमणि रामदास पर कावेरी जल विवाद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को घसीटने का आरोप लगाते हुए उनकी आलोचना की. टैगोर ने कहा कि राज्यों के बीच के इस मुद्दे को सुलझाना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बुनियादी कर्तव्य और ज़िम्मेदारी है.
