‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फैंस का फेवरेट शो है. इस शो की कास्ट को बहुत प्यार मिलता है. शो में एक्टर कुश शाह भी नजर आए थे. कुश ने शो में गोली का रोल प्ले किया था. वो डॉक्टर हंसराज हाथी के बेटे के रोल में थे. हालांकि, सालभर पहले उन्होंने शो छोड़ दिया था. उन्होंने पढ़ाई के लिए शो छोड़ा था. वो पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क गए थे. अब कुश का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो दूसरे लोगों के घरों में खान बना रहे हैं.
लोगों के घरों में खाना क्यों बना रहे कुश?
दरअसल, कुश शाह ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया. यूट्यूब चैनल पर उन्होंने एक वीडियो डाला है, इस वीडियो में वो बता रहे हैं कि उन्हें खाना बनाना कितना पसंद है. इसीलिए वो रास्ते में चलते हुए लोगों से पूछते हैं कि क्या आपके घर में खाना बना सकते हैं. इसके बाद वो एक घर में जाकर खाना भी बनाते हैं.
कुश ने कहा, ‘आप लोगों ने मुझे बहुत ज्यादा प्यार दिया है, तो ये समय है आप लोगों को वो प्यार लौटाने का. मुझे खाना बनाना बहुत पसंद है. खाना, खाना नहीं. तो मैं आप लोगों के लिए, मतलब किसी एक के लिए खाना बनाऊंगा. मुंबई की सड़कों पर घूमते हुए मैं लोगों से पूछूंगा और देखते हैं कि कौन मुझे ये परमिश देता है कि मैं उसके घर में जाकर खाना बनाऊं. मैं अपनी स्पेशल डिश बनाऊंगा.’
कुश ने बनाई ये डिश
कुश फिर जाकर लोगों से पूछते हैं कि क्या मैं आपके घर में खाना बनाऊंगा. कई लोग मना कर देते हैं. कुछ कहते हैं कि कोई या तो कैमरे से डर रहा है, या फिर किसी की रसोई छोटी है. फिर एक शख्स मान जाते हैं. फिर कुश जाकर खाने के लिए शॉपिंग करते हैं. कुश को वहां देखकर सब बहुत खुश हो जाते हैं. कुश का वेलकम किया. कुश पाइनेपल करी विद राइस बनाते हैं. इसके बाद वो सबको खिलाते हैं और सभी को उनके हाथ का खाना बहुत पसंद आता है.
कुश ने वीडियो के कैप्शन में लिखा- यूट्यूब वीडियोज बनाना आसान है. रिकॉर्ड करो, एडिट करो और फिर अपलोड कर दो. मुझे ये करने में 5 साल लग गए. मैं बहुत समय से यूट्यूब चैनल शुरू करने का सोच रहा था, बहुत सोचा, प्लान किया, पोस्टपोन किया, शक किया और आज फाइनली बनाया और अपलोड किया. ये सिर्फ मेरा पहला यूट्यूब वीडियो नहीं है, बल्कि ये मेरा खुद के रास्ते से निकलने की जर्नी है, मेरे यूट्यूब चैनल पर आपका स्वागत है.
एक्टर्स ने किए कमेंट्स
इस वीडियो पर कमेंट करते हुए झील मेहता ने लिखा- मेरे घर पर कब आ रहे हो? वहीं पलक सिधवानी ने लिखा- फाइनली. चलो कुशू. निर्मल सोनी ने कमेंट कर लिखा- हे भगवान. सॉलिड.
बता दें कि कुश शाह ने न्यूयॉर्क में पढ़ाई को लेकर टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा था, ‘मैं न्यूयॉर्क में अकेला रह रहा हूं. मैं जिसके साथ रूम शेयर करने वाला था, वो आया नहीं. तो मुझे पूरा रूम मिल गया. तब मुझे वहां कई चीजों की सीख मिली. यहां इंडिया में मैं मुझे सबकुछ पेरेंट्स करके देते थे. लेकिन वहां सबकुछ खुद से करना होता था. मैं बर्तन भी खुद धोता था. वहां में बहुत डिस्ट्रैक्ट रहता था. मैं सच कहूं तो मुझे टाइम्स स्क्वायर से घाटकोपर ज्यादा पसंद है.’
मालूम हो कि कुश शाह 29 साल के हैं. उन्होंने तारक मेहता 16 साल तक किया था. शो में कुश के कैरेक्टर को खाना, खाना बहुत पसंद है. अब शो में कुश की जगह धर्मित तुराखिया ने ली है.
गोकुलधाम वालों के घरों में हुई चोरी
शो की बात करें तो इन दिनों गोकुलधाम में चोरी का केस चल रहा है. गोकुलधाम वालों के घरों में सोने की चोरी हो रही है और ये चोरी का सामान पोपटलाल के घर से मिला है. इसके बाद पुलिस पोपटलाल को पकड़कर ले गई. इसके बाद सभी गोकुलधाम वाले पोपटलाल को छुड़वाने जाते हैं. तब पोपटलाल कहते हैं कि उन्होंने चोरी नहीं की है. ये काम वो जो घर में नया दुल्हन वाला पुतला लेकर आए हैं, उसका काम है. अब देखना होगा कि पोपटलाल इस केस से कैसे बच पाएंगे.
