तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सेंट जोसेफ कॉलेज के मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने तिरुचिरापल्ली पूर्वी निर्वाचन क्षेत्र की जनता को उनकी पार्टी को जनादेश देने के लिए धन्यवाद दिया. इस दौरान उन्होंने खुद को जनता का ‘पहला सेवक’ बताया. उन्होंने कहा, ‘अब भी मैं यह बात राजनीतिक तौर पर कह रहा हूं कि मुकाबला सिर्फ 2 पार्टियों के बीच है- एक DMK और दूसरी TVK. इनके बीच किसी और दल के लिए कोई भूमिका या जगह नहीं है.’
विजय ने खुद को जनता का पहला सेवक बताया
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कहा, ‘आज मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य में होने वाले सभी चुनावों में मुझे आपका तहे दिल से समर्थन मिलता रहेगा. मुझे पद संभाले अभी कुछ ही हफ्ते बीते हैं, फिर भी जिन लोगों ने दावा किया था कि वे छह महीने तक चुप रहेंगे, वे छह दिन भी चुप नहीं रह पाए. जनता ने उन दोनों लोगों को नकार दिया, जो इतने सालों से बारी-बारी तमिलनाडु को धोखा देते आ रहे थे. आपने विजय को चुना है. अपने बड़े और छोटे भाई को चुना है, जो आपके लिए काम करने आया था. आपने उसे मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अपना पहला सेवक बनाया है.’
हर जगह नशे के कल्चर को फैलने दिया: विजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय कहते हैं, ‘मैं राजनीति में लोगों को गुमराह करने या झूठे वादों से धोखा देने के लिए नहीं आया हूं. मैं राजनीति में आपके साथ खड़े होने और आपके लिए काम करने आया हूं. इस बारे में कोई सवाल या अस्पष्टता नहीं है. DMK और कई अन्य लोग बारी-बारी से हमारी आलोचना करते रहते हैं, यह कहते हुए कि कानून-व्यवस्था ठीक नहीं है. मैं बस एक बात पूछना चाहता हूं कि आप इसे आदर्श सरकार कहते हैं, लेकिन असल में आप अपने पीछे क्या छोड़कर गए हैं? एक भी शहर या गली को छोड़े बिना, आपने हर जगह नशे के कल्चर को फैलने दिया. आज यह बेकाबू हो चुका है.’
स्टालिन पर भड़के सीएम विजय
उन्होंने कहा, ‘आप इसे शुरुआती दौर में ही नियंत्रित कर सकते थे. अगर आपने ऐसा किया होता तो क्या हम ऐसी स्थिति में पहुंचते जहां इतनी सारी लड़कियों और महिलाओं को तकलीफ उठाना पड़ता या अपनी जान गंवानी पड़ती? यह सब करने के बाद, अब वे दोष मुझ पर मढ़ रहे हैं. मिस्टर स्टालिन जैसा हमारा हिचकिचाहट भरा रवैया कभी नहीं होगा. धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांत पर कोई समझौता नहीं हो सकता. हम राज्य के अधिकारों को कभी नहीं छोड़ेंगे. हम नदी के पानी पर अपने अधिकारों को कभी नहीं सौंपेंगे. हम किसी भी परिस्थिति में सामाजिक न्याय, समान न्याय और समानता के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे.’
तमिलनाडु के पूर्व सीएम एम. जी. रामचंद्रन की जिक्र
सीएम विजय ने अपने भाषण में दिवंगत नेता और तमिलनाडु के पूर्व सीएम एम. जी. रामचंद्रन का भी जिक्र किया, जिन्हें लोग प्यार से M.G.R कहकर बुलाते थे. विपक्ष पर निशाना साधते हुए विजय ने बोले, ‘उन्होंने कहा था कि दिवंगत सीएम M.G.R. को भी अपने पहले ही चुनाव में इतना ज्यादा वोट शेयर नहीं मिला था. फिर भी आज आपने टीवीके को इतना जबरदस्त समर्थन दिया है. मैं अपनी तुलना M.G.R. से नहीं कर रहा हूं. M.G.R तो M.G.R. ही हैं, लेकिन मैं आपका विजय हूं, जो M.G.R., अन्ना और पेरियार द्वारा दिखाए गए रास्ते पर काम करने आया है.’
उन्होंने कहा, ‘अब लोग मुझे पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र का विधायक कहते हैं. यह केवल चुनाव आयोग के रूल एंड रेगुलेशन के अनुसार है, लेकिन जहां तक मेरी बात है तिरुचिरापल्ली निर्वाचन क्षेत्र के लोग भी मेरे दिल के बहुत-बहुत करीब है.’ विजय ने चेन्नई की पेरंबूर विधानसभा सीट बरकरार रखने के लिए तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा दे दिया था. विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 13 सितंबर 2025 को तिरुचिरापल्ली से अपने राज्यव्यापी ‘आई एम कमिंग’ प्रचार अभियान की शुरुआत की थी.
ये भी पढ़ें : क्या तमिलनाडु BJP नेता अन्नामलाई बनाने जा रहे नई पार्टी? बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने दिया रिएक्शन
