भाई दूज भाई-बहन के खूबसूरत रिश्ते, उनकी नोकझोंक, शरारतों और एक-दूसरे के प्रति अटूट प्यार को दिखाने वाला पर्व है. मार्वल यूनिवर्स में भी कहीं भाई-बहनों के बीच मजेदार तकरार देखने को मिलती है, तो कहीं अपनों के लिए बलिदान. भाई दूज के खास मौके पर आइए नजर डालते हैं मार्वल यूनिवर्स की ऐसी ही पांच यादगार भाई-बहन की जोड़ियों पर.
1. थॉर और लोकी
मार्वल की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक थॉर और लोकी की है. ये रोल क्रिस हेम्सवर्थ और टॉम हिडलस्टन ने निभाए हैं. हालांकि, थॉर और लोकी सगे भाई नहीं हैं. लोकी असल में फ्रॉस्ट जायंट राजा लाउफे का बेटा है, जिसे ओडिन ने बचपन में गोद लेकर थॉर के साथ अपने बेटे की तरह पाला था. पावर गेम और विचारों को लेकर दोनों के बीच कई बार टकराव हुआ, लेकिन तमाम लड़ाइयों के बावजूद उनका इमोशनल बॉन्ड बरकरार रहा. अब थॉर और लोकी दोनों ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में वापसी करने वाले हैं.
2. वांडा और पिएत्रो मैक्सिमॉफ
वांडा और पिएत्रो मैक्सिमॉफ मार्वल यूनिवर्स की ऐसी जोड़ी हैं, जिनका रिश्ता प्यार, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा से जुड़ा है. एलिजाबेथ ओल्सन और एरॉन टेलर-जॉनसन द्वारा निभाए गए ये दोनों किरदार जुड़वां भाई-बहन हैं, जिन्होंने अपना बचपन सोकोविया में कई मुश्किलों के बीच बिताया.
दोनों के रिश्ते का सबसे इमोशनल प्वाइंट ‘एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन’ में देखने को मिलता है, जब पिएत्रो हॉकआई और एक बच्चे को बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर देता है. अपने भाई को खोने का यह दर्द वांडा की लाइफ को प्रभावित करता है. हालांकि, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में वांडा और पिएत्रो की वापसी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसके बावजूद, मार्वल की यादगार भाई-बहन की जोड़ियों में उनका रिश्ता हमेशा खास बना रहेगा.

3. टी’चल्ला और शुरी
वाकांडा के शाही परिवार से आने वाले टी’चल्ला और शुरी की जोड़ी भाई-बहन के रिश्ते का एक खूबसूरत उदाहरण है. ये रोल्स चैडविक बोसमैन और लेटिटिया राइट ने निभाए हैं.
पर्दे पर दोनों के बीच भाई-बहन वाली मस्ती, नोकझोंक और एक-दूसरे के प्रति सम्मान दिखाया गया है. शुरी अक्सर अपने तकनीकी आविष्कारों से टी’चल्ला की मदद करती है, वहीं टी’चल्ला हमेशा अपनी बहन का हौसला बढ़ाता है.

4. गमोरा और नेबुला
‘गार्डियंस ऑफ द गैलेक्सी’ की गमोरा और नेबुला की कहानी मार्वल की सबसे दिलचस्प बहनों की कहानियों में से एक है. ज़ोई सल्डाना और करेन गिलन द्वारा निभाए गए ये दोनों किरदार थैनोस की गोद ली हुई बेटियां हैं. बचपन से ही थैनोस ने दोनों को योद्धा बनाने के लिए ट्रेनिंग दी और अक्सर उन्हें एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा किया. ये भी मार्वल्स की एक यादगार भाई-बहनों की जोड़ी है.

5. सू स्टॉर्म और जॉनी स्टॉर्म
फैंटास्टिक फोर की सू स्टॉर्म और जॉनी स्टॉर्म की जोड़ी भी मार्वल की यादगार भाई-बहन की जोड़ियों में शामिल है. वैनेसा किर्बी और जोसेफ क्विन द्वारा निभाए गए ये दोनों किरदार सगे भाई-बहन हैं. सू जहां समझदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने परिवार को संभालती है, वहीं जॉनी का बेफिक्र और चुलबुला अंदाज उनके रिश्ते में मजेदार नोकझोंक लेकर आता है. दोनों के बीच होने वाली तकरार के बावजूद एक-दूसरे के प्रति उनका प्यार हमेशा बना रहता है. अब सू और जॉनी दोनों ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में भी नजर आने वाले हैं.

