Headlines

दिलजीत दोसांझ अहमदाबाद कॉन्सर्ट, प्रोफेसर ने दी 4 गाने ना गाने की चेतावनी, 2000 पुलिसकर्मी तैनात


दिलजीत दोसांझ इन दिनों ऑरा टूर को लेकर चर्चा में हैं, जिसकी शुरुआत दिल्ली से की गई. इस दौरान वो काफी विवादों में भी रहे. कभी उनके शो को परमिशन नहीं मिली तो कभी उनके कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमले की चेतावनी दी गई. ऐसे में अब वो अहमदाबाद कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में हैं. इस लाइव शो में 2000 पुलिसकर्मी को तैनात किया जाएगा. 

दिलजीत दोसांझ का अहमदाबाद कॉन्सर्ट नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. ये शो शुरू होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है. चंडीगढ़ के पीजीजीसी-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनावर ने चार गाने  नहीं गाने की मांग की है और ‘न्यायालय की अवमानना’ की चेतावनी भी दी है. उनका कहना है कि अगर वो गाने गाए गए तो गुजरात हाईकोर्ट में न्यायालय की अवमानना की याचिका दायर की जाएगी.

क्यों हो रहा विवाद?

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में प्रोफेसर ने ‘पटियाला पैग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिच्छो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा’ जैसे गानों को गाने पर रोक की मांग की है. डॉ. पंडित राव धरेनावर का कहना है, ‘इन गानों के बोल शराब, नशीले पदार्थों और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, जिसका बच्चों पर बुरा असर पड़ सकता है. पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने 2019 के मेरे एक मामले में साफ तौर पर निर्देश दिया था कि शराब, नशीले पदार्थों और नशे को बढ़ावा देने वाले गाने मंच पर नहीं गाए जाने चाहिए। इसके बावजूद, दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली में अपने कॉन्सर्ट में ये गाने गाए.’

85000 ऑडियंस, 2000 सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात

इस बीच, अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की सुरक्षा के खास और बड़े इंतजाम किए गए हैं और वहां जुटने वाली भीड़ को संभालने के लिए लगभग 2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

गहलोत ने जानकारी दी और बताया ‘इसमें करीब 85000 ऑडियंस के आने की संभावना है साथ ही सपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के साथ ही यहां 90000 से ज्यादा लोगों के मौजूद होने की उम्मीद जताई है. इसमें 2000 पुलिसकर्मी, स्टेट रिज़र्व पुलिस की तीन कंपनियां, BDDS टीमें, क्विक रिस्पॉन्स टीमें, क्राइम ब्रांच और SOG के जवानों को तैनात किया गया है। DFMD (डोर-फ्रेम मेटल डिटेक्टर) लगाए गए हैं. निगरानी के लिए 600 CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं. एंट्री और एग्जिट के लिए भी 1500 पर्सनल सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं.’

ट्रैफिक के लिए भी किए गए खास इंतजाम

इतना ही नहीं, पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने आगे ये भी कहा कि ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सके इसके लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं. पुलिस कमिश्नर ने कहा, ‘ट्रैफिक सुचारू होने के साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए भी खास इंतजाम किए हैं. पानी की बोतलें और बैग जैसी चीजों की परमिशन नही होगी. कार्यक्रम स्थल पर लॉकर की सुविधा भी दी गई है. फीमेल दर्शकों के साथ छोटे पावरबैक ले जाने की परमिशन होगी.’ इसके साथ ही स्टेडियम में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, निगरानी और भीड़-प्रबंधन के इंतजाम किए हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *