देश की राजधानी दिल्ली में बिहार के खगड़िया के रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. तेजस्वी यादव सहित विपक्ष के तमाम नेता मुआवजा देने और जांच की मांग कर रहे हैं इस बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ऐसा बयान दिया है कि सियासी पारा चढ़ गया है.
मंगलवार (28 अप्रैल, 2026) को मीडिया से बातचीत में इस पूरी घटना पर जीतन राम मांझी ने कहा, “ये कौन बड़ी बात है भाई, मार दिया तो मार दिया… आपको कोई क्यों नहीं मारा? किसी पर कोई शंका होगी… तो इसकी जांच होगी. जांच होने के बाद अगर सही में निर्दोष को मारा गया है तो मारने वाले को सजा होगी…”
मांझी के बयान पर भड़की कांग्रेस
जीतन राम मांझी के इस बयान पर कांग्रेस ने हमला बोला है. बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा, “जीतन राम मांझी के बयान से आज हर बिहारी का सिर शर्म से झुक गया होगा. बिहार के वो मुख्यमंत्री भी रहे हैं… केंद्र में अभी मंत्री हैं, इसके बावजूद उन्होंने असंवेदनशील बयान देकर अपने राजनीतिक जीवन को दागदार बना दिया. उन्हें अपनी सरकार से उस बिहार के युवक के लिए लड़ाई लड़नी चाहिए थी, लेकिन निम्न स्तर का जो बयान उन्होंने दिया है उससे हर बिहारी शर्मिंदा है.”
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर तेजस्वी यादव की पहली प्रतिक्रिया, ‘भाजपा सरकार में…’
मुकेश सहनी ने पीएम मोदी से किया सवाल
उधर विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया है. सहनी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है, “मोदी जी, दिल्ली में बिहारियों की हत्या हो रही है क्या आप कुछ बोलेंगे? बिहार और दिल्ली, दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी बिहारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हैं. खुद को बिहारी बताने पर एक युवक की जान चली गई, यह बहुत दुखद है. बिहार भाजपा के नेताओं को सिर्फ वोट और सत्ता चाहिए, लेकिन बिहारवासियों के अधिकार और सम्मान के लिए बोलते नहीं हैं. क्या बिहार के लोगों की जान सिर्फ चुनाव तक ही सीमित है?“
मोदी जी, दिल्ली में बिहारियों की हत्या हो रही है क्या आप कुछ बोलेंगे? बिहार और दिल्ली, दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी बिहारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हैं। खुद को बिहारी बताने पर एक युवक की जान चली गई, यह बहुत दुखद है।
बिहार भाजपा के नेताओं को सिर्फ वोट और सत्ता चाहिए,… pic.twitter.com/nDrZFATfbT
— Mukesh Sahani (@sonofmallah) April 28, 2026
बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने जताया दुख
दूसरी ओर बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने इस घटना पर दुख जताया है. अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा है, “दिल्ली के उत्तम नगर में हुई डिलीवरी बॉय पांडव कुमार की हत्या अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध करनेवाली है. मैंने दिल्ली के स्पेशल CP मधुप तिवारी से बात की. गोली मारने वाले कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है. पांडव कुमार के साथ एक और लड़का था जो घायल है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है और वो खतरे से बाहर है. इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए वो कम है. इस हत्या का कारण मन को व्यथित करने वाला है. हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा मिले.”
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बिहार के लड़के की हत्या: अमित शाह से बात करेंगे चिराग पासवान, RJD बोली- ‘हम बिहारियों की…’
