Headlines

दिवाली के बाद भी भारत के इस शहर का AQI 56, सामने आई वायरल तस्वीर


दीवाली के अगले ही दिन जहां देश के कई बड़े शहर धुएं के काले गुबार और जानलेवा प्रदूषण  की चादर में लिपट गए, वहीं पूर्वोत्तर भारत के मिजोरम राज्य की राजधानी आईजोल (Aizawl) से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. भारत में पिछले एक दशक से अधिक समय से रह रहे कनाडाई नागरिक कैलेब फ्रीसेन ने आईजोल के नीले आसमान और वहां की साफ-सुथरी हवा की तस्वीर शेयर कर सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है.

जहां एक तरफ राजधानी दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) रिकॉर्ड तोड़ 1,300 के पार पहुंच गया, वहीं आईज़ोल में दीवाली के बाद AQI महज 56 दर्ज किया गया.

“रात भर नहीं चला एक भी पटाखा”, फेफड़ों ने ली राहत की सांस

कैलेब फ्रीसेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वे नीले आसमान और सफेद बादलों के बीच ‘थम्ब्स-अप’ देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कैप्शन में आईजोल की सादगी और पर्यावरण के प्रति लोगों की जागरूकता की जमकर तारीफ की.

कैलेब ने लिखा कि दीवाली की रात आईजोल में एक भी पटाखा फटने या आतिशबाजी की आवाज नहीं सुनाई दी. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी पत्नी, दो छोटे बच्चे और उनके दो पालतू कुत्ते रात भर बिना किसी शोर-शराबे के सुकून की नींद सोए और उनके फेफड़े इस साफ हवा से बेहद खुश हैं.

दिल्ली में 1,331 पहुंचा AQI, आईजोल से सामने आई बिल्कुल उल्टी तस्वीर

यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब देश के कई महानगरों में दीवाली के बाद वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया.

डेटा के मुताबिक, दिल्ली में दीवाली की रात आतिशबाजी के कारण AQI 1,331 के खौफनाक आंकड़े को छू गया था और अगली सुबह भी हवा में सांस लेना दूभर था.

वहीं दूसरी ओर, आईज़ोल में 56 का AQI और पूरी तरह शांत माहौल यह दिखाता है कि वहां के नागरिक पर्यावरण और शांति को कितनी अहमियत देते हैं.

बेंगलुरु के फुटपाथों पर भी उठा चुके हैं आवाज

गौरतलब है कि कैलेब फ्रीसेन इससे पहले भी भारत के शहरी बुनियादी ढांचे को लेकर अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते रहे हैं. इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरानगर के खराब फुटपाथों का एक वीडियो बनाकर शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि छोटे बच्चों के साथ पैदल चलना कितना जोखिम भरा काम है.

अब उनकी आईजोल वाली यह दीवाली पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे प्रदूषण से जूझ रहे शहरों के लिए एक बड़ी सीख मान रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *