बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा का दीवाली वाला वीडियो हटाए जाने का विवाद पिंक सिटी जयपुर तक पहुंच गया है. जयपुर के कुछ साधु संतों ने वीडियो हटाए जाने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उनका कहना है कि अभिनेत्री दिया मिर्जा को उनके धर्म की वजह से टारगेट किया जा रहा है.
जयपुर में परम धर्म संसद के संस्थापक सदस्य स्वामी देवकी नंदन पुरोहित का कहना है कि बीजेपी धर्म के आधार पर देश का बंटवारा करने में लगी हुई है, जब दिवाली के प्रदूषण को लेकर अपील कई फिल्मी सितारों और क्रिकेटरों ने की तो अकेले दीया मिर्जा को ही क्यों टारगेट किया जा रहा है. सिर्फ उनका वीडियो ही क्यों डिलीट किया गया.
‘बीजेपी देश को किस दिशा में ले जाना चाहती है’
उन्होंने कहा कि बीजेपी को यह साफ करना चाहिए कि आखिर वह देश को किस दिशा में ले जाना चाहती है. दीपावली पर कोर्ट के आदेश का पालन हो और लोग पटाखे जलाने की रस्म का पालन भी कर सकें. इसकी जिम्मेदारी सरकार को निभानी चाहिए. दीपावली पर लोग ग्रीन पटाखे भी फोड़ सकें और प्रदूषण भी कम से कम हो, की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए
‘दीया मिर्जा भी इस देश की बेटी’
स्वामी देवकीनंदन पुरोहित महाराज के मुताबिक दीया मिर्जा भी इस देश की बेटी हैं. इस देश की ही नागरिक हैं. फिर बीजेपी वालों को उसके नाम से ऐतराज क्यों हैं.
‘ऐसे मुद्दों पर राजनीति उचित नहीं’
वहीं जयपुर के ब्रह्मेश्वर मंदिर के महंत पंडित गजानन शर्मा का कहना है कि ऐसे मुद्दों पर कतई राजनीति उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि बहुत से फैसले देश और समाज के हित में लिए जाते हैं. ऐसे मुद्दों पर विवाद पैदा करना वह कतई देश हित में नहीं है यह देश सभी का है और हम सभी को साथ मिलजुल कर रहना चाहिए.
क्या था विवाद?
दिवाली पर प्रदूषण को लेकर एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने एक अवेयरनेस वीडियो अपलोड किया था. इस पर आपत्ति जताते हुए बीएमसी ने उनका वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया था.
ये भी पढ़ें: नरेश मीणा के घर पहुंची पुलिस, खूब हुआ ड्रामा, 6 नवंबर को गिरफ्तार करने का ऐलान
