दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट को ‘द मुस्लिम 500’ के नाम से जाना जाता है. इस लिस्ट को जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर की तरफ से प्रकाशित किया जाता है और रॉयल इस्लामिक सेंटर ने इसका 2027 का 18 संस्करण जारी कर दिया है. इस लिस्ट में दुनिया भर के देशों के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों के नामों को शामिल किया जाता है, जिसमें इस साल 22 भारतीय नागरिकों के नाम भी शामिल है.
इनमें धार्मिक विद्वानों और धर्मगुरुओं के साथ-साथ बॉलीवुड के अभिनेता, संगीतकार, राजनेता, बिजनेसमैन से लेकर वैज्ञानिक का नाम भी शामिल है. हालांकि, दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट के टॉप 50 में मात्र एक भारतीय नागरिक का नाम जोड़ा गया है.
कौन हैं भारत के सबसे प्रभावशाली मुसलमान?
दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट में भारत की तरफ से जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी को सबसे ऊंची रैंकिंग मिली है और टॉप 50 में शामिल इकलौते भारतीय हैं, जो लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं.
इनके अलावा, इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, आमिर खान और अभिनेत्री शबाना आजमी को भी जगह दी गई है. बता दें कि बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का नाम पहली बार इस लिस्ट में शामिल किया गया है. वहीं, ऑस्कर और ग्रैमी अवॉर्ड से सम्मानित भारतीय संगीतकार एआर रहमान भी लिस्ट में शामिल हैं.
धार्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े शेख अबूबक्र अहमद, मौलाना कमरुज्जमां आजमी, सैयद इब्राहिमुल खलील अल-बुखारी, मीरवाइज उमर फारूक, मौलाना साद कंधलवी, मौलाना जुहैर उल हसन कंधलवी, मौलाना सैयद अरशद मदनी, डॉ. बहाउद्दीन नदवी, डॉ. सानियासैन खान, डॉ. जाकिर नाइक, मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, मौलाना शाकिर अली नूरी और सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन का नाम भी लिस्ट में शामिल हैं.
राजनीति और बिजनेस के क्षेत्र से जुड़े हैं ये भारतीय मुसलमान
दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट में भारतीय राजनीति से AIMIM प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी और AIUDF संस्थापक बदरुद्दीन अजमल का नाम शामिल किया गया है. जबकि बिजनेस और परोपकार के क्षेत्र से विप्रो के संस्थापक अध्यक्ष अजीम प्रेमजी का नाम का नाम जोड़ा गया है.
लिस्ट में पहले नंबर पर कौन?
वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है. इन दोनों नेताओं के साथ-साथ सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) और तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन को भी पहले नंबर पर रखा गया है.
यह भी पढ़ेंः ‘मैंने 12 लाख के आय पर टैक्स छूट दी, आपने सैलेरी बढ़ाई?’, PM मोदी का उद्योग जगत से बड़ा सवाल
