उप चुनावों में बीजेपी को मिली जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह जीत सुशासन के एजेंडे पर जनता के गहरे भरोसे का प्रतीक है. प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों के लगातार मिल रहे आशीर्वाद के लिए उनका आभार.
पीएम मोदी ने कहा कि असम के नगांव उप चुनाव और नंदीग्राम व रेजीनगर (पश्चिम बंगाल) के विधानसभा चुनाव के नतीजे एक बार फिर दिखाते हैं कि लोगों का भाजपा-एनडीए के सुशासन के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है. पीएम मोदी ने जीत हासिल करने वाले सभी बीजेपी उम्मीदवारों को बधाई दी और पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की.
क्या बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मैं जीत हासिल करने वाले भाजपा उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की भी सराहना करता हूं. पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. यहां बीजेपी के शंखरावह सरकार ने 1,29,914 वोट हासिल कर 75 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की.
नंदीग्राम सीट, जिसे कभी ममता बनर्जी बनाम शुभेंदु अधिकारी की लड़ाई के लिए जाना जाता था, वहां भी बीजेपी ने अपना दबदबा बनाए रखा है. इसी तरह असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी बीजेपी ने जीत हासिल की है. इस सीट को असम में बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है और यहां की जीत ने एक बार फिर पूर्वोत्तर में पार्टी की पकड़ को मजबूत किया है.
प्रधानमंत्री ने अपने सहयोगी दलों को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि मैं पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर जीत के लिए एनडीए के अपने अहम सहयोगी, एआईएनआरसी को भी बधाई देता हूं. पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन में शामिल ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने थट्टनचावडी सीट पर जीत दर्ज की है. पीएम मोदी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि यह जनादेश हमें और मजबूती देगा, क्योंकि हम लोगों की भलाई और उनके बेहतर व समृद्ध भविष्य की उम्मीदों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं.
नितिन नवीन का बयान
उप चुनावों में बीजेपी की जीत को लेकर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जनता का विश्वास, विकास की विजय.” उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों तथा असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा की शानदार जीत और पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर हमारे सहयोगी दल AINRC की विजय ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की राजनीति के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.
ये भी पढ़ें
30 हजार जवानों की तैनाती, 200 को डिटेन और…, CJP प्रोटेस्ट रोकने को क्या-क्या कदम?
