संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में खेले जा रहे दूसरे टी20 में ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 21 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. ये पारी उनके लिए बहुत जरुरी थी, क्योंकि पिछले कुछ मैचों से उनका बल्ला खामोश था और उन पर सवाल भी उठ रहे थे. हालांकि रांची में भी उनकी पारी 6 के स्कोर पर समाप्त हो सकती थी, लेकिन पूरन से एक आसान कैच छूट गया और भारतीय बल्लेबाज को जीवनदान मिल गया.
रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टी20 में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. एक बार फिर संजू सैमसन पर भरोसा दिखाया गया, वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली. सभी की नजरें संजू पर थीं, जो दूसरे ही ओवर में आउट होने से बच गए. अकील हुसैन की गेंद पर उन्होंने जगह बनाकर ऑफ साइड में खेलना चाहा, लेकिन सीधा कामिल पूरन की तरफ गई. पूरन आसानी से गेंद को पकड़ सकते थे, लेकिन उनसे कैच झटक गया. दूसरे प्रयास में भी वह गेंद पकड़ सकते थे, लेकिन मानों आज किस्मत संजू के साथ थी.
संजू सैमसन ने 21 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
सैमसन ने इसके बाद अकील हुसैन द्वारा डाले गए पांचवें ओवर में 2 छक्के और 2 चौके जड़े, ये 22 रनों का बड़ा ओवर था. पॉवरप्ले के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर संजू ने चौका लगाया, जिसके बाद वह 48 के स्कोर पर पहुंचे. अगली गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.
संजू सैमसन ने भारत को रांची में शानदार शुरुआत दिलाई, पॉवरप्ले में अकेले संजू ने ही 52 रन बनाए. पॉवरप्ले में भारत ने 1 विकेट खोकर 79 रन बनाए. आज अभिषेक शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल पाए, उन्होंने 12 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों की मदद से 20 रन बनाए.
यह भी पढ़ें- पडिक्कल से लेकर गायकवाड़, भारतीय बल्लेबाज रहे फ्लॉप; दूसरा वनडे भी हारी इंडिया-ए
