Headlines

नीरज चोपड़ा हुए भावुक, एशियन गेम्स से बाहर होने पर कहा- ‘मैं ठीक नहीं हूं…’


नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स 2026 में नहीं खेल रहे हैं. दरअसल वह ट्रेनिंग के दौरान चोटिल हो गए थे, काफी सोच विचार के बाद उन्होंने टूर्नामेंट में नहीं उतरने का फैसला किया. अब जब आयोजन शुरू हो गया है, नीरज ने पोस्ट कर बताया कि ये समय उनके लिए कितना कठिन है. बता दें कि उन्होंने 2018 (जकार्ता) और 2023 (हांगझोऊ) एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते थे, इस बार भी प्रबल दावेदार थे लेकिन चोट ने काम खराब कर दिया.

नीरज चोपड़ा ने LinkedIn पर लिखा, “2018 एशियन गेम्स (जकार्ता) में 20 साल की उम्र में भारत का झंडा लेकर चलने वाला खिलाड़ी बनकर गया था. जब मैं पोडियम के सबसे ऊंचे स्थान पर खड़ा हुआ, जो 1982 के बाद से जैवलिन थ्रो में भारत का पहला स्वर्ण था, तो मुझे एहसास हुआ कि झंडा उठाना और एक अरब लोगों की उम्मीदों का बोझ उठाना कैसा लगता है. 5 साल बाद उस टाइटल को बचाने के लिए वापस जाना मेरे लिए बहुत मायने रखता था.”

प्रतिनिधित्व न कर पाना मुश्किल- नीरज चोपड़ा

उन्होंने आगे लिखा, “एशियन गेम्स ने मुझे कुछ सबसे खास पल दिए हैं. इस बार भारत का प्रतिनिधित्व न कर पाना मुश्किल है. मैं टखने के लिगामेंट की चोट से जूझ रहा हूं. काफी सोचने के बाद, मुझे मानना ​​पड़ा कि मैं कॉम्पिटिशन में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा. देश की उम्मीदों को लेकर कॉम्पिटिशन में जाना सम्मान की बात है, लेकिन उस मौके को गंवाना दुखद है. चोटें खेल का हिस्सा हैं. आपका उस पर पूरा कंट्रोल नहीं होता, जो आपके साथ होता है. आप बस उस पर कैसी प्रतिक्रिया देनी है? इसे कंट्रोल कर सकते हो. उस प्रतिक्रिया का एक बड़ा हिस्सा मेरे आस-पास के लोग हैं.”

यह भी पढ़ें- इतिहास रचने से चूकीं क्विंसी डिसूजा, अब भी मेडल की आस

नीरज ने आगे लिखा, “अभ्यास, ट्रेवलिंग और टूर्नमेंट में मैं घर से दूर बहुत समय बिताता हूं. इन वर्षों में मैंने महसूस किया है कि ऐसे लोगों का आस-पास होना ज़रूरी है जो आपको सकारात्मक और जमीन से जुड़ा हुआ रखें. मुश्किल समय में ऐसे लोगों की जरुरत नहीं होती जो आपको सलाह दे या चोट कैसे लगी? कब तक बाहर रहोगे? ये पूछे. कभी-कभी, आपको ऐसे दोस्त की जरूरत होती है जो आपसे कुछ और बात करे. मेरे कुछ दोस्त हैं जो जानते हैं कि मैं अभी ठीक नहीं हूं, लेकिन वो फोन पर मेरी चोट के बारे में नहीं पूछते. हम बस अलग बातें कर हंसते हैं. इससे मुझे याद आता है कि लाइफ में अगले कॉम्पिटिशन से भी बढ़कर बहुत कुछ है. इससे जो मदद मुझे मिलती है, शायद उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं होगा.”

यह भी पढ़ें- रेप केस में दिल्ली कैपिटल्स प्लेयर को बड़ी राहत, 36 दिन बाद मिली जमानत

नीरज चोपड़ा ने आखिर में लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में कॉम्पिटिशन न कर पाने की मुझे कमी खलेगी. लेकिन मैं आप सबका सपोर्ट करूंगा. मेरे पास प्यारी यादें हैं. उम्मीद है कि आप भी कुछ ऐसी ही अनमोल यादें बनाओगे.”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *