नेपाल के रसुवा जिले में आई भीषण बाढ़ ने ऐसा मंजर दिखाया, जिसे कई दशकों में पहली बार देखा गया. रसुवा जिले से होकर गुजरने वाली उफनती नदी ने रौद्र रूप दिखाया और अपने साथ पुल, सड़कें, वाहन, इमारतें बहाकर ले गई. नेपाल की इस त्रासदी को देखते हुए बिहार के 6 जिले और उत्तर प्रदेश के दो जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. नेपाल सरकार ने इस आपदा से निपटने के लिए भारत से मदद मांगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.
बाढ़ से मौजूदा क्या स्थिति है
नेपाल के बाढ़ में अब तक 95 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इस आपदा से निपटने के लिए नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) और पुलिस को तैनात किया गया है. 14 हेलिकॉप्टर भी तलाशी और बचाव अभियान में शामिल किए गए हैं. उत्तरी रसुवा में एक बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात एपीएफ के चार जवान अचानक आई बाढ़ के कारण लापता हो गए हैं. स्थानीय मीडिया के अनुसार, रसुवा कस्टम्स ऑफिस के 14 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर हैं.
द हिमालयन टाइम्स की रिपोर्ट है कि बाढ़ ने नुवाकोट में त्रिशूली बाजार के पास लगभग 60 घरों को बहा दिया और कई पुलों को नुकसान पहुंचा है. हालात को देखते हुए नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, गोरखा और चितवन सहित प्रभावित इलाकों के सांसदों के साथ बात की है. इसमें बाढ़ से हुए नुकसान, तटीय बस्तियों की स्थिति और बचाव-राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.
कहां और कब आई बाढ़
नेपाल के रसुवा जिले के भोटेकोशी नदी में बाढ़ आई. देश के अलग-अलग जिलों में अब तक 16 शव बरामद हुए हैं.भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही के बाद नेपाल सरकार ने प्रभावित स्थानीय क्षेत्रों को अगले तीन महीनों के लिए आपदा-प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है. नेपाल सरकार ने इस त्रासदी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई. बालेन सरकार ने घोषणा की है कि बाढ़ में घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा और पीड़ित परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी.
कैसे आई बाढ़- चीन कनेक्शन क्या है?
नेपाल में चीन से आने वाली एक नदी ने भयानक तबाही मचा रखी है. तिब्बत के ऊंचे पहाड़ों से नेपाल में नीचे की तरफ आने वाली इस भोटेकोशी नदी में अचानक उफान आ गया. काठमांडू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और जलवायु शोधकर्ता रिजन भक्त के अनुसार, शुरुआती आकलन से संकेत मिलता है कि ल्हेन्डे नदी में बर्फ का पहाड़ ढहने के कारण भोटेकोशी नदी में यह अचानक बाढ़ आई. उन्होंने बताया कि बर्फ ढहने से नदी का बहाव रुक गया था, जिसके बाद भारी दबाव बनने पर बांध टूट गया. इसके साथ ही यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, त्रासदी के समय सुबह 8:37 बजे तिब्बती क्षेत्र में 4.4 तीव्रता का भूकंप भी दर्ज किया गया था, जो इस घटना से जुड़ा हो सकता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि इस आपदा में किसी ग्लेशियल झील के फटने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि जुलाई 2025 में भी इसी इलाके में ग्लेशियल झील फटने से ल्हेन्डे नदी में बाढ़ आई थी. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में भारी बारिश नहीं हुई थी इसलिए अचानक आया पानी का यह सैलाब केवल ऊपरी हिस्से में नदी के रुकने और फिर अचानक फटने के कारण ही संभव है.
Planet Labs के सैटेलाइट फुटेज की स्टडी से पता चलता है कि नेपाल-चीन रसुवागढ़ी सीमा पार करने के स्थान से लगभग 20 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में नेपाल-चीन सीमा पर बर्फ और चट्टानों का एक बड़ा भूस्खलन हुआ था. इसी भूस्खलन के कारण ल्हेन्डे नदी में अचानक भीषण बाढ़ आई.
भारत में क्यों बढ़ी चिंता, बिहार-यूपी में अलर्ट
नेपाल में बाढ़ की स्थिति और गंडक नदी में अचानक वाटर फ्लो बढ़ने की आशंका को देखते हुए बिहार सरकार ने 6 जिलों में विशेष सतर्कता बढ़ा दी है. सीएम सम्राट चौधरी ने तत्काल उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत अन्य संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया.
उन्होंने बांधों पर दिन-रात निगरानी रखने के साथ ही रात में विशेष रूप से नाइट पेट्रोलिंग कराने का भी निर्देश दिया. सीएम सम्राट चौधरी ने संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन को लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से लोगों को लगातार आवश्यक सूचनाएं देने तथा संभावित खतरे को लेकर चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात करने के निर्देश दिए हैं.
वहीं यूपी के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई क्षति को चिंताजनक बताते हुए महाराजगंज और कुशीनगर में स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. नेपाल में बाढ़ के प्रभाव से महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक और नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. महाराजगंज जिले के कुछ गांवों को संभावित बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है. इनमें सोहगीबरवा, भोतियाही और शिकारपुर शामिल हैं.
भारत ने दिया मदद का भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह से बात कर बाढ़ से मची तबाही पर दुख जताया है. उन्होंने इस विपत्ति में पड़ोसी राष्ट्र की हरसंभव मदद का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री बालेन शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की. इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल में अपने भाई-बहनों के साथ खड़े हैं. भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है. हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं.’
भारत ने भेजी मदद
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से निपटने में मदद के लिए भारत ने 10 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) और जरूरी दवाइयां भेजी है. उन्होंने कहा, ‘हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों और प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. इस चुनौती के समय में, भारत नेपाल और वहां के लोगों के साथ खड़ा है.’
भारत के कितने लापता, हेल्पलाइन नंबर जारी
नेपाल पर्यटन विभाग ने बताया कि कुल 384 यात्री लापता हैं. लापता यात्रियों में 105 भारतीय, 37 अप्रवासी भारतीय (NRI) और अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के अन्य पर्यटक शामिल हैं. नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी देने के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. दो हेल्पलाइन नंबर +9779851316807 और +9779709107500 हैं. नेपाल पर्यटन बोर्ड ने मदद के लिए टोल-फ्री आपातकालीन नंबर 1234, हॉटलाइन नंबर 1144 और पर्यटक पुलिस का नंबर भी जारी किया है
इससे पहले नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी देने के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. दो हेल्पलाइन नंबर +9779851316807 और +9779709107500 हैं.बुधवार तड़के नेपाल के रसुवा में भोटेकोशी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ा और बाढ़ का पानी किनारों को अपनी चपेट में लेता गया. नेपाल पर्यटन विभाग ने बताया कि कुल 384 यात्री लापता हो गए. शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, 500 लोग लापता हैं. इनमें भारत के 105 नागरिक भी शामिल हैं.
नेपाल पर्यटन विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. इसके मुताबिक, एहतियात के तौर पर, काठमांडू घाटी की ट्रैफिक पुलिस ने काठमांडू से रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग और चितवन जाने वाले वाहनों को रोक दिया है. हालात को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे तब तक आपदाग्रस्त इलाकों की ओर न बढ़ें जब तक कि आधिकारिक जानकारी से यह पुष्टि न हो जाए कि सड़क की स्थिति सुरक्षित है.
अमित शाह ने बात की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से राज्य में बाढ़ के खतरे को लेकर बुधवार को बात की. मूसलाधार बारिश और पड़ोसी देश नेपाल में हिमनद फटने के बाद बिहार में बाढ़ का खतरा बना हुआ है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ को तैनात किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि सीएम सम्राट चौधरी से फोन पर हुई बातचीत में गृह मंत्री अमित शाह ने संभावित संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
