उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों में गठबंधन के बीच भारतीय मुस्लिम मंच ने बड़ा ऐलान कर दिया है. मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ मुमताज आलम रिजवी ने बहुजन समाज पार्टी को समर्थन का ऐलान किया है.
डॉ रिजवी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी और बीजेपी की सरकारों को देख लिया है,बोले बसपा सरकार में न बुलेट और न बुलडोजर और न ही दंगा-फसाद था. उन्होंने सपा पर मुस्लिमों को ठगने का आरोप लगाया है. प्रयागराज में आयोजित एक कार्यक्रम में यह ऐलान किया गया.
यह भी पढ़ें: ‘पहले उपद्रव से उत्सव भूल जाते थे लोग’, बरेली में सपा पर बरसे CM योगी
बहुजन समाज पार्टी को समर्थन
भारतीय मुस्लिम मंच के नेताओं ने कहा कि प्रदेश के मुसलमानों से अपील है कि बसपा को वोट देकर पांचवीं बार मायावती को मुख्यमंत्री बनाएं.भारतीय मुस्लिम मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉक्टर मुमताज आलम रिजवी ने कहा है कि प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी और बीजेपी की सरकारों को देख लिया है. बीजेपी सरकार में केवल बुलेट और बुलडोजर का शोर और जोर है. दलितों और मुसलमानों के घरों पर गैर कानूनी तरीके से बुलडोजर चलाए जा रहे हैं. संविधान और अदालत को ताक पर रखकर फर्जी मुठभेड़ की जा रही है.
बीजेपी राज में कानून-व्यवस्था उखड़ी
डॉ रिजवी ने आरोप लगाए हुए कहा कि बीजेपी की सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है. बीजेपी ने घर बसाने का दावा किया थाम, लेकिन वे अब घर उजाड़ रहे हैं. इसके साथ ही सपा सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में केवल दंगे हुए थे,मुसलमानों ने बहुत ही अरमानों से मुलायम सिंह यादव की सरकार बनाने का काम किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुभव के अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बन गए, जिस कारण मुजफ्फरनगर जैसा दंगा हुआ.
यहां बता दें कि विधानसभा चुनावों से पहले हर पार्टी अपना वोट बैंक साधने में जुटा है, ऐसे में मुस्लिम मंच बसपा के साथ जुड़कर प्रदेश में नए समीकरण बनाना चाहता है, ताकि आने वाले चुनावों में उसकी भी भूमिका रहे.
यह भी पढ़ें: ‘महिला सुरक्षा पर बोलने का सपा को नैतिक अधिकार नहीं’, बीजेपी का अखिलेश पर निशाना
