Headlines

पहले टेस्ट के पहले दिन रबाडा का पंजा, तौहीद-दास का ‘दोहरा शतक’; 22/3 से 327/6 पहुंचा बांग्लादेश


दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है. पहले टेस्ट के पहले सेशन में कगिसो रबाडा ने कहर बरपाया. रबाडा ने अकेले 22 रनों पर बांग्लादेश के तीन विकेट गिरा दिए थे, लेकिन इसके बाद तौहीद हिरदॉय ने शतक जड़ अपनी टीम की करिश्माई वापसी करा दी. उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 206 रनों की साझेदारी की. पहले दिन रबाडा ने पंजा खोला. हालांकि, पहले दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 6 विकेट खोकर 327 रन बना लिए हैं.

पहले ही दिन बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट का अपना सबसे बड़ा स्कोर बना दिया. अभी उनके 4 विकेट भी बाकी हैं. दिन की आखिरी गेंद पर तौहीद हिरदॉय आउट हुए, लेकिन लिटन दास 92 पर नाबाद हैं. इससे पहले जुलाई 2015 में बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने घर पर 326 रन बनाए थे. बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट पारी में पांचवीं बार 300 से ज्यादा रन बनाए. 

रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम को पहली ही गेंद पर महफिजुल इस्लाम (0) के रूप में शुरुआती झटका लगा, जिसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 2 ही रन जुड़े थे कि मोमिनुल हक (0) भी पवेलियन लौट गए. बांग्लादेश ने 2.2 ओवरों में 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तंजीद हसन तमीम साथी बल्लेबाज नजमुल हुसैन शान्तो के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 20 रन जुटा सके. महज 22 के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिर गया था. 

इसके बाद तंजीद ने तौहीद हिरदॉय के साथ चौथे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 121 के स्कोर तक पहुंचाया. 35वें ओवर की पहली गेंद पर तंजीद, कगिसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए. तंजीद 108 गेंदों में 12 चौकों के साथ 67 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद मुशफिकुर रहीम (0) बल्लेबाजी पर आए, लेकिन अपनी पहली ही गेंद पर साइमन हार्मर को कैच थमा बैठे. 

बांग्लादेश ने 121 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था, जिसके बाद तौहीद हिरदॉय ने लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 300 के पार पहुंचा दिया. 84वें ओवर की अंतिम गेंद पर तौहीद अपना विकेट गंवा बैठे, जिसके साथ स्टंप्स की घोषणा हो गई. उन्होंने 227 गेंदों में 1 छक्के और 14 चौकों के साथ 137 रन बनाए, जबकि लिटन दास 138 गेंदों में 12 चौकों के साथ 92 रन टीम के खाते में जोड़ चुके हैं. 

पहले दिन के खेल तक कगिसो रबाडा ने 17 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 51 रन देकर 5 विकेट निकाले, जबकि मार्को यानसेन ने 1 विकेट अपने नाम किया है. 

यह भी पढ़ें- 

भारत करेगा 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 ODI वर्ल्ड कप की मेजबानी, ICC ने किया एलान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *