भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद पाकिस्तान के मंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं. पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने आए हैं. पाकिस्तान हाई कमीशन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके भारत पहुंचने की पुष्टि की है. दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के चार्ज डी’अफेयर्स साद वारैच ने उनका स्वागत किया.
मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पहलगाम आतंकी हमले और भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है.
Federal Minister for Climate Change and Environmental Coordination @DrMusadikMalik arrived in New Delhi today. He was received at the Airport by the Chargé d’Affaires @Saadawarraich. @ForeignOfficePk @epwing_official @MoIB_Official https://t.co/hpCOS8Ho0K
— Pakistan High Commission India (@PakinIndia) November 20, 2026
संस्कृति मंत्री की जगह मुसादिक मलिक को भेजा पाकिस्तान
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को मुसादिक मलिक को देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित करने की घोषणा की थी. इससे पहले भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को इस मंच के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, लेकिन पाकिस्तान ने उनकी जगह जलवायु परिवर्तन मंत्री को भेजने का फैसला किया.
पाकिस्तान ने अपने आधिकारिक बयान में कहा था कि एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में उसकी भागीदारी विभिन्न सभ्यताओं के बीच बातचीत, सहयोग और आपसी समझ बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. इस मंच पर सदस्य देशों के प्रतिनिधि सांस्कृतिक समझ और सभ्यतागत संवाद से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा करेंगे. पाकिस्तान ने एससीओ के माध्यम से लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने की बात भी कही थी.
पुराना किला में होगा तीन दिवसीय आयोजन
दरअसल नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक एससीओ का पहला सभ्यतागत संवाद मंच आयोजित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले हैं.
इस मंच का प्रस्ताव सितंबर 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने रखा था. इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अक्टूबर 2026 में दुशांबे में एससीओ देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक के दौरान भारत में इसके पहले आयोजन की घोषणा की थी.
इसका आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं. इसमें सभ्यतागत और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला एवं वास्तुकला, भाषा, साहित्य और पांडुलिपियों जैसे विषयों पर चर्चा होगी. इसका उद्देश्य यूरेशिया के देशों के साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को सामने लाना तथा आपसी संपर्क बढ़ाना है.
सिंधु जल संधि पर भी दोनों देशों में तनाव
मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था. पाकिस्तान लगातार इस फैसले की आलोचना करता रहा है. मुसादिक मलिक भी भारत के इस रुख पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठा चुके हैं.
इसके बावजूद दोनों देश एससीओ जैसे बहुपक्षीय मंचों पर एक-दूसरे के साथ भागीदारी जारी रखे हुए हैं. एससीओ एक यूरेशियाई राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संगठन है. इसके दस सदस्य देशों में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं.
पाकिस्तान अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में एससीओ देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा. हालांकि, पाकिस्तानी मंत्री का दिल्ली दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में सुधार का संकेत नहीं माना जा सकता. आतंकवाद, कश्मीर और सिंधु जल संधि समेत कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बरकरार हैं.
यह भी पढ़िएः ‘भारत साइड प्लेयर, तमाशा देख रहा’, पाकिस्तान का नाम लेकर राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर किया वार
