Headlines

‘पुष्पा को अब मैं खुद देखूंगा’, फल्टा में वोटिंग से पहले CM शुभेंदु अधिकारी ने TMC के जहांगीर को दी चेतावनी


पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जहांगीर खान को चेतावनी दी है. उन्होंने ने शनिवार (16 मई 2026) को आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर के लोग एक दशक पहले स्थानीय टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के राज्य की राजनीति में एंट्री करने के बाद से अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली फाल्टा विधानसभा सीट पर होने वाला पुनर्मतदान मतदाताओं के अधिकारों को बहाल करेगा.

अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कंपनी का होगी जांच: शुभेंदु अधिकारी 

फाल्टा में बीजेपी कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों से अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र के लिए एक विशेष विकास पैकेज की घोषणा की. मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली राजनीतिक सभा में उन्होंने कहा, ‘फाल्टा में पुनर्मतदान के जरिये मतदाताओं के अधिकार बहाल होंगे, जहां लोग भतीजे (अभिषेक बनर्जी) के राजनीति में आने के बाद पिछले 10 वर्ष से वोट नहीं दे पा रहे थे.’

उन्होंने कहा, ‘अब हालात बदल चुके हैं. मैं फाल्टा के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बीजेपी उम्मीदवार को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जिताएं.’ बंगाल के सीएम ने हिंसा-मुक्त चुनाव की भी अपील की. उन्होंने कहा कि उन्हें ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नामक निजी कंपनी की संपत्तियों से संबंधित फाइल मिल गई हैं, जो कथित रूप से अभिषेक बनर्जी से जुड़ी हुई है, जिसकी जल्द ही जांच शुरू की जाएगी.

TMC के अत्याचार को नहीं भूले हैं: सीएम

उन्होंने कहा, ‘मैंने कोलकाता नगर निगम से फाइल मांगी थीं और मुझे दक्षिण 24 परगना जिले के आमतला में स्थित ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ के एक आलीशान कार्यालय समेत 24 संपत्तियों का विवरण मिल गया है. अब मेरे पास भतीजे की संपत्तियों की सूची है और जल्द ही मैं उनकी जांच शुरू कराऊंगा.’ मुख्यमंत्री ने कहा कि वह टीएमसी द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर किए गए अत्याचार को भूले नहीं हैं. उन्होंने कहा, ‘मैंने पुलिस को पुराने राजनीतिक अपराधों में प्राथमिकी दर्ज करने और केंद्रीय योजनाओं के धन के दुरुपयोग की शिकायतें दर्ज करने का निर्देश दिया है.

पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी: शुभेंदु अधिकारी

फाल्टा से टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘नामित कुख्यात अपराधी’ बताया और कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से उसके मामले को देखेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘तथाकथित पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी है.’ बंगाल चुनाव के दौरान यूपी के आईपीएस अजय पाल शर्मा और टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच जुबानी विवाद सामने आया था.  बंगाल में चुनाव में अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना जिले में बतौर पर्यवेक्षक तैनात किया गया था. 

आईपीएस अजय पाल शर्मा ने वहां अपनी ड्यूटी के दौरान फाल्टा सीट से टीएमसी के उम्मीदवार जहांगीर खान को सख्त लहजे में चेतावनी दी थी, जिसके बाद देशभर में राजनीति गरमा गई थी. इस पर तब जहांगीर ने कहा था, ‘ये यूपी नहीं है और न ही यहां यूपी का कल्चर है यहां पर बंगाल का कल्चर है. इधर कोई सिंघम नहीं चलेगा. अगर वो सिंघम है तो मैं भी पुष्पा हूं.’ सीएम शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाषण में इसी संदर्भ में पुष्पा का जिक्र किया. चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को फाल्टा में हुए चुनाव को बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और ईवीएम से छेड़छाड़ तथा मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोपों के बाद रद्द कर दिया था.

ये भी पढ़ें : ’22 लाख बच्चों के साथ धोखा’, NEET केस पर बोले राहुल गांधी, PM से की धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *