Headlines

प्रधानमंत्री मोदी की गुरुद्वारों से बड़ी अपील, कहा- ‘देश का हर युवा…’


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर रखने के लिए गुरुद्वारों, संगत और सामाजिक संस्थाओं से आगे आने की अपील की है. युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक प्रयासों से ही नौजवानों को सही दिशा दिखाई जा सकती है. श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर लोक निवास में आयोजित ‘शबद कीर्तन’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया.

उन्होंने कहा, ‘आज हमारा समाज नशे की चुनौती का सामना कर रहा है. जब एक युवा नशे के जाल में फंसता है तो पूरे परिवार के सपने चकनाचूर हो जाते हैं. देश का हर युवा नशे से आजाद हो. वह अपने सपनों को पूरा करे, खूब पढ़े, आगे बढ़े और अपने परिवार और देश का गौरव बढ़ाए. इस प्रयास में परिवार की भूमिका बहुत बड़ी है.’

प्रधानमंत्री मोदी की गुरुद्वारों से बड़ी अपील

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी संगत, हमारे गुरुद्वारे और हमारी सामाजिक संस्थाएं सब मिलकर नौजवानों को सही दिशा दे सकते हैं और उन्हें सही रास्ता चुनने का हौसला दे सकते हैं. गुरबाणी के महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गुरबाणी का हर शब्द और कीर्तन की हर धुन केवल संगीत नहीं, बल्कि एक ‘साधना’ है, जो ज्ञान के सागर में डुबकी लगाने जैसा है. यही कारण है कि जब भी उन्हें संगत और कीर्तन में शामिल होने का निमंत्रण या अवसर मिलता है, वे वहां जरूर पहुंचते हैं.

नशे के मुद्दे पर बीजेपी हमलावर

प्रधानमंत्री की यह अपील ऐसे समय में आई है जब पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. राज्य में नशे की समस्या लंबे समय से एक बड़ा सामाजिक और चुनावी मुद्दा रही है, जिसे लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है. बीजेपी ने नशे के खिलाफ ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ चलाई, जो पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरी और लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय की.

वहीं AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर पंजाब चुनावों से पहले नशे के मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने नशे से जुड़े 96,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं और कार्रवाई की है. साथ ही उन्होंने अन्य राज्यों की घटनाओं और एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए विपक्ष को चुनौती दी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *