गर्भावस्था के दौरान मां की सेहत का असर बच्चे के विकास पर भी पड़ता है. इसी को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने एक बड़ी स्टडी की है. इसमें गर्भावस्था के दौरान मां से बच्चे तक पहुंचने वाले कुछ दुर्लभ संक्रमणों पर ध्यान दिया गया. स्टडी में पाया गया कि जिन बच्चों को जन्म के समय TORCH संक्रमण था, उनमें आगे चलकर ऑटिज्म और बौद्धिक अक्षमता की समस्या का खतरा ज्यादा देखा गया. हालांकि, ये संक्रमण काफी दुर्लभ हैं और सभी मामलों में ऐसा होना जरूरी नहीं है.
शोधकर्ताओं ने 1987 से 2021 के बीच जन्मे करीब 36.66 लाख लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े रिकॉर्ड का अध्ययन किया. इनमें 975 लोगों में जन्मजात TORCH संक्रमण दर्ज था. इन लोगों को कई वर्षों तक ट्रैक किया गया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संक्रमण का आगे के विकास और पढ़ाई पर क्या असर पड़ा. स्टडी में सामने आया कि TORCH संक्रमण वाले बच्चों में बाद में ऑटिज्म की पहचान होने का खतरा बिना संक्रमण वाले बच्चों की तुलना में करीब तीन गुना था. वहीं, बौद्धिक अक्षमता का खतरा सात गुना से ज्यादा पाया गया.
यह भी पढ़ें : CDSCO ने जारी की बड़ी चेतावनी, बगैर पर्चे की दवा से फेल हो सकती है किडनी
क्या होता है TORCH संक्रमण?
TORCH किसी एक बीमारी का नाम नहीं है, बल्कि कुछ संक्रमणों के समूह को कहा जाता है. इसमें टॉक्सोप्लाज्मोसिस, रुबेला, साइटोमेगालोवायरस और हर्पीस जैसे संक्रमण शामिल होते हैं. ये संक्रमण कुछ मामलों में गर्भवती महिला से गर्भ में पल रहे बच्चे तक पहुंच सकते हैं. इन संक्रमणों की खास बात यह है कि कुछ रोगजनक प्लेसेंटा को पार करके सीधे भ्रूण को प्रभावित कर सकते हैं. इसी वजह से गर्भावस्था के दौरान इनसे बचाव को महत्वपूर्ण माना जाता है.
गंभीर बौद्धिक अक्षमता में खतरा और ज्यादा
रिसर्च में सिर्फ ऑटिज्म ही नहीं, बल्कि बौद्धिक अक्षमता के अलग-अलग स्तरों को भी देखा गया. इसमें संक्रमण से जुड़े बच्चों में हल्की से लेकर गंभीर बौद्धिक अक्षमता तक का खतरा बढ़ा हुआ पाया गया.गंभीर से बेहद गंभीर बौद्धिक अक्षमता के मामलों में यह संबंध सबसे ज्यादा मजबूत था. इसके अलावा, जिन बच्चों में ऑटिज्म के साथ बौद्धिक अक्षमता भी थी, उनमें संक्रमण के साथ संबंध ऑटिज्म के उन मामलों की तुलना में ज्यादा पाया गया जिनमें बौद्धिक अक्षमता नहीं थी. शोधकर्ताओं ने बच्चों की पढ़ाई से जुड़े रिकॉर्ड को भी देखा.
जिन लोगों में TORCH संक्रमण था, उनमें किशोरावस्था के दौरान स्कूल ग्रेड औसतन कुछ कम पाए गए. यह अंतर उन लोगों में भी देखा गया जिनमें ऑटिज्म या बौद्धिक अक्षमता की कोई दर्ज पहचान नहीं थी. विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया है कि TORCH संक्रमण बहुत दुर्लभ हैं. इसलिए पूरी आबादी में ऑटिज्म के मामलों का केवल बहुत छोटा हिस्सा ही इन संक्रमणों से जुड़ा माना जाता है. स्टडी संक्रमण और इन स्वास्थ्य समस्याओं के बीच संबंध बताती है, लेकिन इसे इस तरह नहीं समझना चाहिए कि गर्भावस्था में ऐसा संक्रमण होने पर बच्चे को निश्चित रूप से ऑटिज्म होगा.
यह भी पढ़ें : बुखार के साथ शरीर में पड़ रहे लाल चकत्ते, कहीं डेंगू तो नहीं?
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
