टीवी के पॉपुलर शो ‘बालिका वधू’ में आनंदी का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली अविका गौर अब अपने करियर को नई दिशा देना चाहती हैं. एक्ट्रेस का कहना है कि वो अब ऐसे रोल्स चुन रही हैं, जिनमें सिर्फ स्क्रीन पर मौजूदगी नहीं, बल्कि दमदार अभिनय दिखाने का मौका भी मिले.
फिल्मों में कैसे रोल्स चाहती हैं अविका गौर
अविका स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के साथ छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं. शो के दौरान ANI से बात करते हुए अविका ने कहा, ‘मेरा मानना है कि लोग मुझसे बेहतरीन परफॉर्मेंस की उम्मीद करते हैं. मैं अपनी फिल्मों में ऐसे किरदार निभाती रही हूं जहां मुझे परफॉर्म करने, एक्टिंग करने और एक एक्टर के तौर पर अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिलता है.’
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘इसलिए मुझे लगता है कि मेरा फोकस हमेशा सही स्क्रिप्ट और सही किरदारों को चुनने पर रहेगा, जहां मुझे फिल्म में सिर्फ ‘फर्नीचर’ बनकर रहने के बजाय कुछ और करने का मौका मिले. इसलिए मैं सही स्क्रिप्ट और सही किरदारों को चुनने को लेकर हमेशा बहुत सतर्क रहूंगी.’
ये भी पढ़ेंः ‘तुम हर जगह कमाल करोगी…’, प्रिंस नरूला ने पत्नी युविका चौधरी पर लुटाया प्यार, बर्थडे पर शेयर किया इमोशनल पोस्ट
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर की बात
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में वापसी के बारे में बात करते हुए अविका ने माना कि भले ही ये शो फिजिकली और मेंटली बहुत मुश्किल है, लेकिन उनका पिछला एक्सपीरियंस काफी चैलेंजिंग था. उन्होंने कहा, ‘ये शो वैसे भी आसान नहीं है. ये बहुत चैलेंजिंग है. लेकिन मेरे लिए, मेरा पिछला सीजन कहीं ज्यादा मुश्किल था. उस सीजन में मुझे जो स्टंट दिए गए थे, वे मेरे लिए ज्यादा डरावने थे. इसलिए, अभी जो स्टंट मैं कर रही थी, उनसे मुझे इतना डर नहीं लगा कि मुझे लगे कि मुझे हार मान लेनी चाहिए.’ अविका इससे पहले शो के सीजन 9 में हिस्सा ले चुकी हैं.
अविका गौर का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो अविका गौर का पंजाबी म्यूजिक वीडियो 7 अगस्त को रिलीज होने वाला है. इसके अलावा उन्होंने हिंट दिया कि वो जल्द ही टीवी पर भी वापसी कर सकती हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल वो इस प्रोजेक्ट के बारे में ज्यादा जानकारी शेयर नहीं कर सकतीं.

बता दें, रोहित शेट्टी के होस्ट किए गए ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ 1 अगस्त से कलर्स टीवी पर आ रहा है और इसे जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जा रहा है. शो के पुराने और नए कंटेस्टेंट के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ेंः सलमान खान से रणदीप हुड्डा तक, असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए ये सितारे
