एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद भी भारतीय रोवर सतनाम सिंह और सलमान खान खुश नहीं दिखे. पुरुष डबल स्कल्स में तीसरे स्थान पर रहने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने टीम में आखिरी समय पर किए गए बदलावों को लेकर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि अगर टीम में अचानक बदलाव नहीं किया जाता तो भारत के पास गोल्ड जीतने का बेहतर मौका था.
रेवस्पोर्ट्ज की रिपोर्ट के अनुसार, रेस से करीब 5 दिन पहले टीम में बदलाव किया गया था. पहले अरविंद सिंह को पुरुष सिंगल स्कल्स, नवदीप सिंह और कुलविंदर सिंह को डबल स्कल्स और सतनाम, जाखड़ खान, सलमान खान और बलराज पंवार को क्वाड्रुपल स्कल्स में उतरना था. बदलाव के बाद बलराज को सिंगल स्कल्स में भेजा गया, जबकि सतनाम और सलमान की जोड़ी डबल स्कल्स में उतरी.
खिलाड़ियों ने लगाए बड़े आरोप
खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि उन्हें नए इवेंट में हिस्सा लेने के लिए मजबूर किया गया. उनका दावा है कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें वापस भेजने की बात कही गई थी. एक खिलाड़ी ने ये भी कहा कि उन्हें देश विरोधी तक कहा जा सकता था और उनके करियर पर असर पड़ सकता था. खिलाड़ियों का मानना है कि इन हालातों ने उनके गोल्ड जीतने के मौके को नुकसान पहुंचाया.
फेडरेशन ने बताई बदलाव की वजह
रोइंग फेडरेशन के अध्यक्ष बालाजी मराडापा ने इन फैसलों का बचाव किया. उन्होंने बताया कि खराब मौसम के वजह से चार दिन का मुकाबला दो दिन में करना पड़ा. ऐसे में खिलाड़ियों को कम समय में कई 2,000 मीटर रेस नहीं करानी थीं. उन्होंने कहा कि विदेशी विशेषज्ञ कोच एंथनी पैटरसन से सलाह लेने के बाद नए संयोजन बनाए गए थे.
चीन ने जीता गोल्ड
फाइनल में सतनाम और सलमान ने 6:13.25 का समय निकालकर ब्रॉन्ज जीता. चीन की जोड़ी ने 6:09.37 के समय के साथ गोल्ड, जबकि उज्बेकिस्तान ने 6:10.49 के साथ सिल्वर मेडल जीता. इससे पहले बलराज पंवार पुरुष सिंगल स्कल्स में 6:54.80 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे.
यह भी पढ़ें: ‘इनको 17 साल नहीं लगते’, भारत के टी20 वर्ल्ड पर जीतने गौतम गंभीर का तंज
