Vastu Tips: अक्सर लोग घर की साज-सज्जा या कमरों की दिशा पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन घर के बीचों-बीच वाले हिस्से को नजरअंदाज कर देते हैं. वास्तु शास्त्र में मकान के इस सबसे केंद्रीय भाग को ब्रह्म स्थान कहा जाता है. इसे घर का दिल और नाभि माना गया है. जैसे शरीर के काम करने के लिए नाभि का स्वस्थ रहना जरूरी है, वैसे ही घर में बरकत और सुख-शांति के लिए इस हिस्से का हल्का और साफ होना बेहद जरूरी है.
वास्तु जानकारों का कहना है कि जब ब्रह्म स्थान पर दोष लगता है, तो इंसान की अच्छी-खासी चलती तरक्की अचानक थम जाती है. बिना बात के खर्चे बढ़ने लगते हैं और घर में आए दिन किसी न किसी की तबीयत खराब रहने लगती है.
अगर आप भी चाहते हैं कि घर में खुशहाली बनी रहे, तो बीच के हिस्से में इन आम गलतियों से जरूर बचें:
ब्रह्म स्थान में इन 5 गलतियों से बचें
भारी-भरकम सामान टिका देना: कई लोग घर के बीच में बड़ा सोफा सेट, भारी डाइनिंग टेबल या लकड़ी की अलमारी रख देते हैं. इस जगह पर वजन रखने से पूरे घर की पॉजिटिव एनर्जी दब जाती है. इससे घर के कमाने वाले सदस्यों के करियर में अड़चनें आने लगती हैं.
सीढ़ियां या टॉयलेट बनवाना: आधुनिक फ्लैट्स या घरों में कई बार जगह बचाने के चक्कर में बीच में सीढ़ी या बाथरूम बना दिया जाता है. वास्तु के हिसाब से यह सबसे बड़ा दोष है. इससे घर के लोगों में मानसिक तनाव और गंभीर बीमारियां पनपने लगती हैं.
गैस चूल्हा या बिजली का सामान: ब्रह्म स्थान खुला और आकाश तत्व से जुड़ा होता है. यहां रसोई बनाना, गैस चूल्हा रखना, या इनवर्टर-जनरेटर जैसी चीजें रखना भारी कलह की वजह बनता है. इससे पैसा पानी की तरह बहने लगता है.
कबाड़ या जूते-चप्पल रखना: घर के बीच में पुराना कबाड़, टूटी चीजें, झाड़ू या जूते-चप्पल उतारने की आदत तुरंत बदलें. यह जगह जितनी गंदी रहेगी, घर में उतनी ही नकारात्मकता फैलेगी.
बीच में भारी पिलर (खंभा) आना: घर बनवाते समय इस बात का खास ख्याल रखें कि ठीक बीच में कोई बड़ा खंभा या बीम न आए. इसे वास्तु में ब्रह्म स्थान का भारी होना कहते हैं, जो परिवार पर कर्ज का बोझ बढ़ाता है.
घर के केंद्र को ठीक रखने के सरल नियम
जगह को खुला और रोशन रखें: इस जगह को जितना हो सके खाली छोड़ें. यहां ताजी हवा और अच्छी रोशनी आनी चाहिए ताकि सकारात्मक ऊर्जा पूरे घर में घूम सके.
साफ-सफाई का खास ध्यान: फर्श को हमेशा चमकाकर रखें. अगर सजाना ही है, तो एक हल्का सा पायदान या सुंदर रग बिछा सकते हैं.
आंगन हो तो तुलसी लगाएं: अगर आपका पुराना मकान है और बीच में खुला आंगन है, तो वहां तुलसी का पौधा लगाना सबसे उत्तम माना जाता है.
अगर दोष बन चुका है तो क्या करें: फ्लैट सिस्टम में अगर तोड़फोड़ मुमकिन न हो, तो इस जगह पर एक छोटा पीतल का पिरामिड, क्रिस्टल बॉल या वास्तु दोष निवारण यंत्र रखकर इसके असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
23 सितंबर रात से पंचक, घर में बप्पा विराजमान हों तो पूजा और विसर्जन की तैयारी पर क्या असर पड़ेगा?
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
