Headlines

बप्पा के लिए बना 24 कैरेट सोने वाला मोदक, कीमत जान उड़ जाएंगे होश


गणपति बप्पा को मोदक का भोग तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन क्या कभी ऐसा मोदक देखा है जिसके ऊपर असली खाने वाला 24 कैरेट सोना चढ़ा हो? महाराष्ट्र के नासिक में एक मिठाई की दुकान का ऐसा ही मोदक इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. इस खास ‘गोल्डन मोदक’ की कीमत सुनकर शायद आप भी चौंक जाएं. इसकी कीमत 27 हजार रुपये प्रति किलो बताई जा रही है.

गणेश चतुर्थी के मौके पर नासिक की सागर स्वीट्स ने इस बार मिठाइयों और मोदक की लंबी रेंज तैयार की है. दुकान पर 25 से ज्यादा तरह के मोदक उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें सबसे ज्यादा नजर जिस पर टिक रही है, वह है 24 कैरेट एडिबल गोल्ड से सजा यह खास मोदक.

मोदक पर चढ़ा है 24 कैरेट खाने वाला सोना

गोल्डन मोदक को आम मोदक से बिल्कुल अलग अंदाज में तैयार किया गया है. इसके ऊपर 24 कैरेट शुद्ध एडिबल गोल्ड की परत लगाई गई है. इसके अलावा इसे गोल्ड और सिल्वर की सजावट से भी सजाया गया है, जिससे यह देखने में काफी रॉयल नजर आता है.

यानी बप्पा को इस बार भोग में मिठाई के साथ थोड़ा ‘सोना’ भी चढ़ाने का इंतजाम हो गया है. हालांकि, इसकी कीमत आम मोदक की तुलना में काफी ज्यादा है और यही बात इसे सबसे ज्यादा चर्चा में ला रही है.

काजू मोदक 2 हजार, गोल्डन मोदक 27 हजार रुपये किलो

अब जरा कीमत का अंतर समझिए. दुकान पर काजू मोदक करीब 2 हजार रुपये किलो में मिल रहा है, जबकि गोल्डन मोदक के लिए 27 हजार रुपये किलो चुकाने होंगे. यानी दोनों की कीमत में जमीन-आसमान का अंतर है.

इतनी कीमत के बावजूद इस खास मोदक ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. कुछ लोग इसे सिर्फ मिठाई नहीं बल्कि गणेश उत्सव के लिए एक लग्जरी ट्रीट के तौर पर देख रहे हैं.

25 से ज्यादा किस्म के मोदक, हर किसी के लिए कुछ खास

ऐसा नहीं है कि दुकान पर सिर्फ महंगा गोल्डन मोदक ही मौजूद है. ग्राहकों के लिए 25 से ज्यादा तरह के मोदक तैयार किए गए हैं. इनमें ड्राई फ्रूट, ऑरेंज, मलाई और कई दूसरी किस्में शामिल हैं.

गणेश चतुर्थी के लिए परिवारों ने मिठाइयों की खरीदारी शुरू कर दी है और इसी के साथ दुकान पर अलग-अलग तरह के मोदक की मांग भी बढ़ रही है. बप्पा के पसंदीदा मोदक को इस बार मिठाई वालों ने पारंपरिक स्वाद के साथ नए और प्रीमियम अंदाज में पेश किया है.

यह भी पढ़ें: 60 साल के दादा जी ने ट्रेन पर लटककर किया स्टंट, फटी रह गईं यूजर्स की आंखें

सोशल मीडिया पर छाया 27 हजार वाला मोदक

गोल्डन मोदक की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है. किसी को इसकी कीमत हैरान कर रही है तो कोई मोदक पर सोना चढ़ाने के आइडिया को ही अनोखा बता रहा है.

वैसे गणेश चतुर्थी में मोदक की अपनी खास जगह है, लेकिन नासिक का यह 27 हजार रुपये किलो वाला गोल्डन मोदक इस पारंपरिक मिठाई को एकदम शाही अंदाज दे रहा है. अब देखने वाली बात यह है कि कितने लोग बप्पा के लिए इस ‘सोने वाले मोदक’ का स्वाद चखने पहुंचते हैं.

यह भी पढ़ें: आंख में मिर्ची झोंककर बैंक लूट ले गया लुटेरा, CCTV फुटेज वायरल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *