सुमीत पाठक उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में कदम रखा. उन्होंने कम उम्र में ही ‘बाजीगर’ फिल्म में शाहरुख खान के बचपन का रोल करके फैंस का दिल जीत लिया. उन्होंने फिल्मों के अलावा टीवी में भी काम किया. लेकिन अब वो एक्टिंग की दुनिया में कहीं दिखाई नहीं देते.
‘बाजीगर’ से शुरू हुआ था फिल्मी सफर
सुमीत पाठक ने साल 1992 में आई फिल्म ‘एक लड़का एक लड़की’ से बाल कलाकार के रूप में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसके अगले ही साल उन्हें ‘बाजीगर’ में काम करने का मौका मिला. फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान के किरदार अजय मल्होत्रा के बचपन का रोल किया था.
फिल्म में उनका छोटा – सा ही रोल था, लेकिन उन्होंने अपनी एक्टिंग से ऑडियंस का ध्यान खींचा. इस रोल के लिए उन्हें बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद सुमीत ने कई फिल्मों में काम किया और बतौर बाल कलाकार अपनी पहचान बनाई.
इन फिल्मों में भी किया काम
‘बाजीगर’ के बाद सुमीत पाठक ने 1994 में आई फिल्म ‘इक्के पे इक्का’ में काम किया. इसके बाद 1996 में वह ‘राजकुमार’ और ‘माहिर’ नामक फिल्मों में दिखाई दिए. एक्टिंग के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और ट्रेनिंग भी जारी रखी. उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ ड्रामा से ट्रेनिंग ली. इसके अलावा उन्होंने क्लासिकल डांस भी सीखा था.
बड़े होने के बाद भी सुमीत ने एक्टिंग करना नहीं छोड़ा. साल 2002 में वह सलमान खान की फिल्म ‘तुमको न भूल पाएंगे’ में नजर आए. इस फिल्म में उन्होंने सलमान खान के भाई की भूमिका निभाई थी. इसके बाद 2004 में आई फिल्म ‘टार्जन: द वंडर कार’ में भी उन्होंने काम किया.
बाद में वे टीवी में काम करने लगे थे. सुमीत पाठक को टीवी पर ‘हीरो-भक्ति ही शक्ति है’ से पहचान मिली. साल 2005 से 2007 तक चले इस शो में उन्होंने जॉय सहगल का किरदार निभाया था. यह शो खास तौर पर बच्चों के बीच काफी पॉपुलर रहा. एक्टिंग के साथ सुमीत ने कई मशहूर कार्टून और एनिमेशन शोज के हिंदी वर्जन्स में डबिंग का काम किया. वे ‘ऑस्वाल्ड’, ‘पावर रेंजर्स’, ‘रिची रिच’ और ‘बेब्लेड’ जैसे शोज से भी जुड़े.
‘गुलमोहर मीडिया’ की स्थापना
एक्टिंग छोड़कर उन्होंने अपनी पत्नी श्वेता पाठक के साथ ‘गुलमोहर मीडिया’ की शुरुआत की. कंपनी की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई थी कि एक कंटेंट को अलग-अलग भाषाओं में कंटेंट उपलब्ध करवाया जा सके. ‘गुलमोहर मीडिया’ के जरिए सुमीत अब टेक्नोलॉजी, भाषा रूपांतरण और कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में एक्टिव हैं. आज उनकी कंपनी के स्टूडियो देश के छह शहरों में मौजूद हैं.
आमिर खान प्रोडक्शंस के अंडर बने फेमस शो ‘सत्यमेव जयते’ ने पहचान बनाने में मदद की. फिलहाल उनकी कंपनी इंडियन एनीमे प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है. साथ ही फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों के कंटेंट को साउथ – ईस्ट एशिया के ऑडियंस के लिए तैयार करती है.
