दिल्ली मेट्रो में अपनी अजीबो-गरीब हरकतों से तहलका मचाने वाले रील मेकर्स की लिस्ट में अब एक नया नाम जुड़ गया है. इस बार सोशल मीडिया पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर ट्रेन में सवार यात्रियों की आंखें फटी की फटी रह गईं.
जी हां, दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान एक लड़की अचानक अपने सारे झिझक को पीछे छोड़ बाथरोब पहनकर बैठ गई. इतना ही नहीं, वह चलती ट्रेन में ही बड़े आराम से चेहरे पर फेस मास्क लगाकर ‘स्पा टाइम’ का मजा लेने लगी. उसके आसपास बैठी आंटियां और अन्य यात्री उसे बड़ी हैरानी से घूरते रहे, लेकिन बेफिक्र लड़की को इससे जरा भी फर्क नहीं पड़ा.
मेट्रो बनी ‘पर्सनल स्पा’ और सहमी आंटियों की नजरें
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़की सफेद रंग का बाथरोब पहने पूरे टशन में मेट्रो की सीट पर बैठी हुई है. उसके चेहरे पर एक सीट मास्क लगा हुआ है और वह ऐसे आराम फरमा रही है मानो अपने घर के लिविंग रूम या किसी महंगे स्पा सेंटर में बैठी हो. उसके ठीक बगल में और सामने बैठी आंटियां उसे सिर से पांव तक बेहद अचरज और हैरानी भरी नजरों से घूरती दिखाई दे रही हैं. ऐसा लग रहा है मानो वे सोच रही हों कि आखिर मेट्रो में यह क्या देखने को मिल रहा है. लेकिन लड़की के चेहरे पर ना तो कोई शिकन है और ना ही किसी के देखने का कोई खौफ. वह अपने ही टशन में मस्त होकर रील बनवा रही है.
सोशल मीडिया पर व्यूज का तूफान और कमेंट्स की बरसात
जैसे ही यह वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड हुआ, देखते ही देखते जंगल की आग की तरह फैल गया. नेटिजन्स इस नजारे को देखकर हंसी से लोटपोट हो रहे हैं और वीडियो पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. कोई लिख रहा है, “लगता है मैडम को ऑफिस के लिए देर हो रही थी, इसलिए तैयार होने का सारा काम मेट्रो में ही निपटा लिया.” तो किसी दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “दिल्ली मेट्रो में आपका स्वागत है, यहां हर रोज एक नया नाटक देखने को मिलता है.” वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मेट्रो में सफर कम और फ्री का ड्रामा ज्यादा देखने को मिलता है.
यह भी पढ़ें: पीठ पर मासूम और हाथों में जिम्मेदारी, मां के जज्बे ने जीता यूजर्स का दिल
दिल्ली मेट्रो और ‘रील फीवर’ का अटूट नाता
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली मेट्रो में इस तरह की अतरंगी हरकत देखने को मिली हो. कभी बिकिनी पहनकर सफर करने वाली लड़की का वीडियो वायरल होता है, तो कभी मेट्रो के कोच के अंदर जोरदार डांस और लड़ाई-झगड़े के नजारे सामने आते रहते हैं. DMRC की तरफ से समय-समय पर सख्त चेतावनी और अपील जारी की जाती है कि मेट्रो के अंदर रील बनाना या यात्रियों को असुविधा पहुंचाना मना है. इसके बावजूद, रील बनाने का यह बुखार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है और व्यूज व लाइक्स पाने के चक्कर में लोग किसी भी हद तक जाने को तैयार दिखते हैं.
यह भी पढ़ें: स्कूटी के टकराते ही ट्रक के आगे लटक गई दीदी, जान बचाने का स्टाइल वायरल
