Headlines

बिहार के 6 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट, पटना में छाए काले बादल, मौसम को लेकर आया IMD का अपडेट


बिहार में पिछले चार-पांच दिन से पारा गिरा है. उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के लगभग सभी जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की जा रही है. इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार (08 जुलाई, 2026) को राज्य के छह जिलों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग की ओर से यह चेतावनी आज (बुधवार) दोपहर दो बजे के बाद के लिए जारी की गई है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे में अररिया और सुपौल जिले में भारी वर्षा के साथ वज्रपात और तेज हवा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और पूर्णिया में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है. इन जिलों में भी तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 

दरभंगा, कटिहार, समस्तीपुर, सहरसा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली और शिवहर में तेज हवा के साथ मध्यम स्तर की वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भी वज्रपात की चेतावनी दी गई है.

शाम में भी कई जिलों में बारिश की संभावना

दूसरी ओर मौसम विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि आज (बुधवार) शाम में भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है. गयाजी, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, नालंदा और राजधानी पटना के शहरी क्षेत्र एवं पश्चिमी इलाकों (दुल्हिन बाजार, दानापुर, मसौढ़ी, पालीगंज, बिक्रम और पुनपुन) में मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना है. पटना में शाम चार बजे के बाद काले बादल छाए रहे. 

यह भी पढ़ें- Samastipur Murder: गैंगवार में डबल मर्डर! समस्तीपुर में प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार की गोली मारकर हत्या

मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि दोपहर 3:40 बजे से लेकर शाम के 6:40 बजे के बीच गोपालगंज, सीवान, दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिले में हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा के संकेत हैं. इसके लिए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

कहां-कहां हुई बारिश?

बीते मंगलवार की रात से आज बुधवार दोपहर तक किशनगंज में 178.4 मिलीमीटर के साथ भारी वर्षा दर्ज की गई है. वहीं अररिया में 98.6, सुपौल में 93 और पूर्णिया में 74.8 मिलीमीटर के साथ भारी वर्षा दर्ज की गई है. इसके अलावा गया, नालंदा, जमुई, औरंगाबाद, रोहतास, शेखपुरा और मधुबनी में भी मध्यम स्तर की बारिश हुई है.

यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर को बड़ा झटका, इस नेता ने दिया इस्तीफा, बांकीपुर से BJP को दिया समर्थन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *