बिहार में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर हर दिन गाड़ियों के चालान होते रहते हैं और लोग इससे परेशान रहते हैं. कुछ महीने पहले पूरे देश में लोक अदालत लगाई गई. बिहार के कई जिलों में काउंटर बनाया गया, लेकिन आंकड़ों के अनुसार सिर्फ पटना जिले में साढ़े 16 लाख चालान पेंडिंग हैं. इनमें कई काफी पुराने भी हैं. कई लोग चालान भरने में असमर्थ हैं, अब उनके लिए ट्रांसपोर्ट विभाग बड़ी खुशखबरी देने जा रही है. परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा है कि बहुत जल्द हम लोग चालान माफ करने की योजना ला रहे हैं.
मंत्री दामोदर रावत ने कहा, ”ट्रांसपोर्ट विभाग एक स्कीम लाने जा रहा है, जिसका नाम है एकमुस्त क्षमा योजना. इसमें ओवरलोडिंग हो या बड़े-बड़े चालान हों, सभी चालान को माफ किए जाएंगे. इस पर विभाग कम कर रहा है. कागजात तैयार हो चुके हैं, वित्त विभाग को भेज भी दिया गया है. बहुत जल्द मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी से मिलकर इसे कैबिनेट में पास कर लिया जाएगा.”
चालान माफ करने को लेकर सारी तैयारियां पूरी- दामोदर रावत
हालांकि ये कब से लागू होगा, इस पर उन्होंने बताया कि सारी तैयारियां हो गयी हैं. एक से दो महीने में लोगों को सुविधा मिलने लगेगी. इस योजना के जरिए जो चालान पेंडिंग हैं, उन्हें माफ कर दिया जाएगा. हालांकि उन्होंने ये आग्रह भी किया कि जिनके पास चालान बकाया है वह जमा कर दें.
पेंडिंग चालान को लेकर गिरफ्तारी की बात फर्जी- दामोदर रावत
बता दें कि कुछ अखबारों में खबरें छपी थीं कि जिनका काफी पुराना पेंडिंग चालान है, उस पर कार्रवाई होगी. उनकी गाड़ियां जप्त होंगी और उन्हें गिरफ्तार भी किया जाएगा. इस पर मंत्री दामोदर रावत ने कहा, ”पूरी तरह फर्जी बातें हैं. अगर कोई डीटीओ या जो कोई भी लोग बोले हैं उसकी हम जांच करेंगे. किसी की वाहन जप्ती या गिरफ्तारी नहीं होगी. विभाग ने ऐसा नियम नहीं निकाला है और इसे हम कभी होने भी नहीं देंगे. हम जब लोगों का चालान माफ करने के लिए योजना ला रहे हैं तो फिर ये सब बातें कहां से उठ गई हैं?”
पटना जिला परिवहन पदाधिकारी ने क्या कहा?
वहीँ, पटना जिला परिवहन पदाधिकारी उपेंद्र पाल ने ऑफ कैमरा बताया कि सरकार क्या योजना ला रही है, इसके बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन पूरी तरह यह होना नहीं है. क्योंकि अकेले सिर्फ पटना जिले में साढ़े 16 लाख से अधिक चालान पेंडिंग हैं. हमारे विभाग से करीब 40000 चालान जो बड़े-बड़े हैं, इसमें ओवरलोडिंग और कई तरह के चालान हैं. लेकिन सबसे ज्यादा ट्रैफिक के चालान हैं. इसमें 14 लाख तो सिर्फ बाइक के चालान हैं और सभी को माफ करना शायद संभव नहीं है.
‘ऐप जारी हो तो चालान भुगतान में हो सकता इजाफा’
उन्होंने आगे कहा कि अगर मंत्री जी ने कहा है तो हम इस बारे में कुछ कह नहीं सकते हैं. योजना आने के बाद ही देखा जाएगा. उन्होंने कहा कि विभाग अगर ऑनलाइन चालान जमा करने का ऐप जारी करें तो चालान भुगतान में इजाफा हो सकता है. विभाग की ओर से भी तैयारी चल रही है लेकिन कब तक पूरी होगी, यह कहना मुश्किल है. उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि हमारी ओर से ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है कि पेंडिंग चालान वालों की गिरफ्तारी होगी या गाड़ियां जब्त की जाएंगी. अगर कोई अधिकारी बोले हैं तो हम लोगों के पास इस तरह का कोई निर्देश नहीं आया है.
बिहार में 31 अक्टूबर तक अलर्ट! बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा
