देश के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार (14 जुलाई को) मानसून एक्टिव रहेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सबसे अधिक बारिश की संभावना है. बिहार में कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश के आसार हैं. ओडिशा और झारखंड में भी कई जगहों पर तेज बारिश की संभावना है.
सिक्किम में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है.अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में बारिश का दौर जारी रहेगा. कुछ जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. उत्तर भारत की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी.
यूपी में कब होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ने के कारण अगले 3-4 दिनों तक ज्यादातर हिस्सों में उमस भरी गर्मी बढ़ने के आसार हैं. बंगाल की खाड़ी से बना डिप्रेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश पहुंचने के बाद कमजोर हो गया है. प्रदेश में फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है और अधिकांश क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की या छिटपुट बारिश की संभावना है. मौसम गतिविधियां कम होने से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
राजस्थान के मौसम का हाल
राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर क्षेत्रों में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है. हालांकि 14 और 15 जुलाई को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें
