बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि बिहार का 76 फीसदी भूभाग बाढ़ग्रस्त है और 19 जिले इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में हैं. तेजस्वी के मुताबिक, 20 लाख से अधिक लोग बाढ़ की आपदा में फंसे हुए हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़ से पशुपालकों को भी भारी नुकसान हुआ है. उनके मुताबिक, कई पशुपालकों के मवेशी बाढ़ के पानी में डूबकर बह गए हैं. उन्होंने सार्वजनिक ढांचे को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने का दावा किया और कहा कि हजारों करोड़ रुपये की जान-माल की क्षति हुई है.
यह भी पढ़ें- ‘सत्ता के करीबियों को पुलिस…’, स्वतंत्र भारद्वाज पर नेहा बोरा का बयान
बिहार सरकार पर लगाया उदासीनता का आरोप
आरजेडी नेता ने बिहार सरकार पर बाढ़ पीड़ितों की सहायता को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार की स्थिति को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की. तेजस्वी ने कहा कि राज्य इस समय बड़े संकट से गुजर रहा है और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत की जरूरत है.
बिहार का 𝟕𝟔% भूभाग बाढ़ग्रस्त है। बिहार के 𝟏𝟗 जिले इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में हैं, 𝟐𝟎 लाख से अधिक लोग इस आपदा में फंसे हुए हैं, पशुपालकों के मवेशी पानी में डूबकर बह गए है। सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। हजारों करोड़ के जान-माल की क्षति हुई है। दिवालिया हो चुकी… pic.twitter.com/ZyX06ahmao
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 6, 2026
केंद्र से 5 हजार करोड़ की मांग
तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने की मांग की. साथ ही उन्होंने तत्काल 5 हजार करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता देने की अपील की. उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टरों का सहयोग सुनिश्चित करने की भी मांग रखी.
तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार का तत्काल दौरा करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का सर्वेक्षण करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को हालात का जायजा लेकर प्रभावित लोगों तक तुरंत राहत पहुंचाने की पहल करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- ‘डबल इंजन सरकार देश के लिए भीषण समस्या’, तेजस्वी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
