बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग ने आज (08 सितंबर) ताजा आंकड़े जारी किए हैं. राज्य के 13 जिलों के 79 प्रखंडों की 480 ग्राम पंचायतों में करीब 34.31 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं पटना जिले में 5 लोगोंं की मौत हुई है.
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर 36.80 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले हाईएस्ट फ्लड लेवल (HFL) से 0.05 मीटर ऊपर है. गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, गंगा, पुनपुन, बागमती और घाघरा समेत कई नदियां अलग-अलग स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. हालांकि सुल्तानगंज में जलस्तर स्थिर है.
यह भी पढ़ें- ललन सिंह बोले- बाढ़ नई चीज नहीं, मीसा भारती भड़कीं, ‘NDA सरकार ने…’
432 सामुदायिक रसोई, 14 राहत शिविर संचालित
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न जिलों में 432 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं. अब तक करीब 9.41 लाख लोगों को भोजन कराया गया है. वहीं 14 राहत शिविरों में 12,294 लोगों के लिए रहने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है. करीब 1.29 लाख पॉलीथीन शीट और 22,900 ड्राई राशन पैकेट बांटे गए हैं.
#WATCH पटना, बिहार: दानापुर अनुमंडल पदाधिकारी वीरुपाक्ष विक्रम सिंह ने कहा, “हमारे अनुमंडल में 2 ब्लॉक हैं जो सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित हैं-दानापुर और मनेर। दानापुर में डूबने से 2 लोगों की मृत्यु हुई है और मनेर में 3 लोगों की मृत्यु हुई है…इनमें से 2 लोगों को सरकार की तरफ से 4… pic.twitter.com/kDbFxPDZe7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 8, 2026
दानापुर में 2 और मनेर में 3 मौतें
मंगलवार (08 सितंबर, 2026) को दानापुर एसडीओ वीरुपाक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि दानापुर और मनेर सबसे ज्यादा प्रभावित प्रखंड हैं. दानापुर में डूबने से 2 और मनेर में 3 लोगों की मौत हुई है. इनमें दो मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि तीन अन्य परिवारों को अगले 1-2 दिनों में भुगतान किया जाएगा.
इसके अलावा सांप काटने से हुई एक मौत के बाद प्रशासन ने जरूरी इंतजाम किए हैं. उन्होंने बताया कि जंगली सूअर पकड़ने के लिए पटना जू से टीम बुलाई गई है. अधिकारी के मुताबिक पिछले दो दिनों में बाढ़ की स्थिति काफी बेहतर हुई है और अगले 2-3 दिनों में हालात सामान्य होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगह भारी बारिश की संभावना जताई है.
यह भी पढ़ें- बिहार: भड़काऊ पोस्ट से तनाव! पूर्व MLC सहित रणवीर सेना से जुड़े लोगों पर FIR
