जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है. संजय झा ने कहा है कि जेडीयू का भविष्य किसी भी पार्टी से 20 है 19 नहीं हो सकता है. बिहार में किसी को भी राजनीति करनी तो जेडीयू के आसपास रहना होगा, ये ध्यान रखिएगा.
संजय कुमार झा ने बुधवार (07 अक्टूबर, 2026) को यह बयान वैशाली के हिलालपुर में दिया है. ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में वे शामिल हुए. इस मौके पर संजय झा ने नीतीश कुमार के कामकाज की तारीफ भी की. उन्होंने कहा, “अगले 100 वर्ष तक नीतीश कुमार का नाम और काम लोगों के दिमाग में, जेहन में रहेगा.”
फरक्का बराज और फरक्का जल संधि पर चर्चा
इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और स्वास्थ्य मंत्री सह वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी उपस्थित थे. इस मौके पर फरक्का बराज और फरक्का जल संधि से बिहार को पिछले 30 वर्षों में बाढ़ और सुखाड़ के रूप में हुए भारी नुकसान को लेकर चर्चा हुई.
यह भी पढ़ें- CEC के खिलाफ आंदोलन पर राकेश टिकैत का बड़ा बयान, ‘ये फर्जी तरीके…’
संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार शुरू से ही फरक्का बराज और फरक्का जल संधि से बिहार को हो रहे नुकसान का मुद्दा विभिन्न मंचों पर उठा रहे थे. जब वे मुख्यमंत्री थे, उनके निर्देश पर राज्य सरकार के प्रतिनिधि ने कई मौकों पर केंद्र के समक्ष बिहार की जल जरूरतों का मुद्दा उठाया था.
नई व्यवस्था की मांग
आगे कहा, “दिसंबर 2026 में इस संधि की 30 वर्षों की समय अवधि समाप्त हो रही है, हमारी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) का मानना है कि इसका नवीनीकरण नहीं होना चाहिए. बिहार को अगले 25 वर्षों तक, यानी वर्ष 2050 तक पानी की जितनी जरूरत होगी, उसे ध्यान में रख कर ही कोई नई व्यवस्था होनी चाहिए.”
जेडीयू नेता और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि हम लोगों का प्रयास है कि 30 साल पहले बिहार के साथ जो अन्याय हुआ था, उसे इस साल खत्म किया जाए.
यह भी पढ़ें- जन सुराज का दामन थामेंगे JDU के अनंत सिंह? प्रशांत किशोर बोले- ‘अभी…’
