Headlines

बुलेट से पटाखे फोड़ना और आग उगलना पड़ा भारी, पानीपत में हुड़दंगियों पर पुलिस का कड़ा एक्शन


सोशल मीडिया पर सस्ती पब्लिसिटी और ‘रौब’ जमाने के लिए आजकल के युवा अपनी जान जोखिम में डालने से भी बाज नहीं आ रहे हैं. लेकिन हरियाणा के पानीपत में बुलेट बाइक से आग उगलने का ऐसा ही एक ‘जानलेवा’ स्टंट दो युवकों को भारी पड़ गया. स्टंट का वीडियो वायरल (Viral Video) होते ही पानीपत पुलिस की सीआईए-वन (CIA-1) टीम एक्शन में आ गई और दोनों हुड़दंगियों को दबोच कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

यह सनसनीखेज मामला शहर के देवी मंदिर इलाके का है. पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के निर्देश पर हुड़दंगियों पर लगाम कस रही पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया. वीडियो में दो युवक सड़क पर खौफनाक स्टंट करते नजर आ रहे थे.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) हर्षित गोयल ने बताया कि वीडियो में एक युवक (समीर) डंडे पर कपड़ा बांधकर उसे पेट्रोल से भिगोकर आग लगाता है, जबकि दूसरा युवक (वंश) अपनी बुलेट बाइक के साइलेंसर से तेज आवाज (पटाखे) और आग निकालता है. जब जलते हुए डंडे को साइलेंसर के पास ले जाया गया, तो बुलेट से भयंकर आग की लपटें दूर तक फैलती नजर आईं. यह मंजर किसी फिल्म के खतरनाक सीन जैसा था.

Karnal News: मामन खान मामले में भूपेंद्र हुड्डा ने की निष्पक्ष जांच की मांग, JJP को बताया BJP की ‘बी टीम’

दुकान के प्रमोशन के लिए खेला ‘मौत का खेल’

वीडियो के आधार पर CIA-1 की टीम ने तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में एक बेहद हैरान करने वाली बात सामने आई. आरोपी वंश की मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान है और समीर उसी की दुकान पर काम करता है. इन दोनों ने यह खतरनाक और जानलेवा स्टंट केवल अपनी दुकान की पब्लिसिटी बढ़ाने और सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ होने के लिए किया था.

ASP की चेतावनी- ‘बख्शे नहीं जाएंगे हुड़दंगी’

ASP हर्षित गोयल ने इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए साफ किया है कि बुलेट से पटाखे छोड़ना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि यह आम जनता, खासकर बुजुर्गों और दिल के मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है.

उन्होंने युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं और इस तरह के ‘मौत के स्टंट’ से दूर रहें. पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि जो भी युवा सड़कों पर हुड़दंगबाजी करेगा या सोशल मीडिया के जरिए दूसरों को ऐसे गलत कामों के लिए प्रेरित करेगा, उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

हरियाणा सरकार ने मानसून सीजन से पहले आपदा को लेकर तैयारियां तेज की, अधिकारियों को निर्देश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *