मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग ने एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक जुहू इलाके में टाइगर की गाड़ी को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं. जांच में हमलावरों द्वारा एक्टर की गतिविधियों पर नजर भी रखने की बात सामने आई है. इस घटना के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर बड़े बॉलीवुड सितारे अपनी सुरक्षा के लिए किस तरह की कारों का इस्तेमाल करते हैं.
खास बात यह है कि टाइगर जिस BMW 3 Series Gran Limousine में सफर कर रहे थे, वह सामान्य तौर पर बुलेटप्रूफ कार नहीं है. इसमें एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और आधुनिक ड्राइविंग-सुरक्षा तकनीकें जरूर मिलती हैं, लेकिन इसे फैक्ट्री से बुलेटप्रूफ वाहन के तौर पर तैयार नहीं किया गया है. ऐसे में जानिए किस बॉलीवुड एक्टर के पास है सबसे सुरक्षित कार.
शाहरुख खान की कार है सबसे सुरक्षित
शाहरुख खान के पास Mercedes-Benz S600 Guard होने की रिपोर्ट लंबे समय से सामने आती रही है. यह सामान्य लग्जरी सेडान नहीं, बल्कि सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया आर्मर्ड वाहन है. कई रिपोर्ट्स में इसे बुलेटप्रूफ और बम-रोधी सुरक्षा वाली कार के तौर पर बताया गया है. इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका आर्मर्ड पैसेंजर कंपार्टमेंट है. ऐसे वाहनों में सामान्य कारों की तुलना में बेहद मजबूत सुरक्षा और मोटे, मल्टी-लेयर सुरक्षा ग्लास का इस्तेमाल किया जाता है. इन पर सैन्य स्तर की राइफल या स्नाइपर की गोलियों का कोई असर नहीं होता. इस कार उदेश्य सिर्फ सड़क हादसे से बचाना नहीं, बल्कि बाहरी हमले की स्थिति में कार के अंदर बैठे व्यक्ति को सुरक्षित रखना होता है.
यह भी पढ़ें: Hyundai और Honda का धमाका, जल्द आ रही 500km रेंज वाली 2 सस्ती EV
कई सितारों के पास है सुरक्षित कारें
बॉलीवुड में शाहरुख खान अकेले ऐसे सितारे नहीं हैं जिनके पास बुलेटप्रूफ वाहन है. रिपोर्ट्स में आमिर खान के पास भी Mercedes-Benz S600 Guard होने की बात भी सामने आई है. वहीं सलमान खान की सुरक्षा को देखते हुए उनके वाहनों में भी आर्मरिंग और बुलेटप्रूफ सुरक्षा की खबरें आती रही हैं. बताया जाता है कि शाहरुख और आमिर की गाड़ियों का अंडरबॉडी आर्मर इतना मजबूत है कि यदि कार के ठीक नीचे दो हैंड ग्रेनेड भी एक साथ फट जाएं, तो भी अंदर बैठे शख्स को खरोंच तक नहीं आएगी. वहीं इन गाड़ियों में ऑक्सीजन सप्लाई और आपातकालीन एयर फिल्टर होते हैं, जो बाहर से होने वाले किसी भी जहरीली गैस के हमले को नाकाम कर देते हैं.
यह भी पढ़ें: जिस BMW में बैठे थे टाइगर श्रॉफ वह कितनी मजबूत, कितने में बनती है बुलेटप्रूफ?
