पंजाब की मशहूर इन्फ्लुएंसर ‘भाभी चुम्मेवाली’ उर्फ रंजीत कौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि, इस बार वजह उनके वायरल वीडियो नहीं, बल्कि उनके खिलाफ दर्ज हुई FIR है. दरअसल, रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है. उन पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगा है. चलिए जानते हैं कि आखिर ‘भाभी चुम्मेवाली’ कौन हैं.
कौन हैं रंजीत कौन?
‘भाभी चुम्मेवाली’ उर्फ रंजीत कौर पंजाब की एक बेहद लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. वो इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी शॉर्ट कॉमेडी रील्स और अलग अंदाज के लिए जानी जाती हैं. कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने मनोरंजन के लिए शॉर्ट वीडियो बनाने शुरू किए थे. एक वीडियो में उन्होंने अपने फॉलोअर्स को ‘फ्लाइंग किस’ दी, जिसके बाद कमेंट्स में लोगों ने उन्हें ‘भाभी चुम्मेवाली’ कहना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्होंने इसी नाम को अपनी डिजिटल पहचान बना लिया.
फिल्म ‘जट्ट एंड जूलियट 3’ में नजर आ चुकी हैं रंजीत कौर
सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता के कारण रंजीत कौर पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जट्ट एंड जूलियट 3’ में एक कैमियो रोल निभाने का मौका भी मिला. इंस्टाग्राम पर रंजीत कौर की अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है. उनके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं, जिन पर लाखों व्यूज के साथ फैंस जमकर लाइक और कमेंट करते हैं. वो अक्सर अपने पति जिंदा हंस और बच्चों के साथ वीडियो शेयर करती हैं.
क्या है पूरा मामला?
फिलहाल रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस कानूनी विवाद में घिरे हुए हैं. दोनों के खिलाफ लुधियाना के मोती नगर थाने में कथित अश्लीलता फैलाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में FIR दर्ज की गई है. निहंग सिंह नेता मनप्रीत सिंह खालसा की शिकायत पर पंजाब पुलिस ने रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का भी आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों अपने वीडियो में अश्लील भाषा, आपत्तिजनक इशारों और फूहड़ कंटेंट का इस्तेमाल करते हैं, जिससे बच्चों और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है. साथ ही, कुछ वीडियो के जरिए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है. इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने आईटी अधिनियम की धारा 67 और 67A के तहत FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
रंजीत कौर के घर पहुंचा निहंग सिंहों का समूह
इससे पहले भी रंजीत कौर के वीडियो को लेकर विवाद हो चुका है. कुछ समय पहले निहंग सिंहों के एक समूह ने उनके घर पहुंचकर उनके कंटेंट पर आपत्ति जताई थी. उस दौरान रंजीत कौर ने सफाई देते हुए कहा था कि वो केवल मनोरंजन के उद्देश्य से तुकबंदी वाले वीडियो बनाती हैं और इसी से उनके परिवार का गुजारा चलता है. वहीं, FIR दर्ज होने के बाद रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है. उनका कहना है कि समय आने पर वो पुलिस के सामने अपना पक्ष और सभी सबूत पेश करेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
