Headlines

मणिपुर में शराब बनी काल! 15 की मौत, 181 अस्पताल में भर्ती, CM ने दिए जांच के आदेश


मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब ने कई परिवार को उजाड़ कर रख दिया है. यहां कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 8 से बढ़कर 15 हो गई है. इस घटना के फौरन बाद राज्य के मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम लैम्फेलपट स्थित शिजा अस्पताल और सजीवा स्थित बबीना अस्पताल का दौरा किया. इस अस्पताल में जहरीली शराब की वजह से 181 लोगों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में मरीजों की जांच और इलाज चल रहा है. उन्होंने आगे लिखा कि मैंने दोनों अस्पतालों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा देखभाल और हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं. जनरल मेडिसिन के एक विशेषज्ञ के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम, जरूरी दवाओं के साथ चंदेल जिले के लिए रवाना हो गई है, ताकि वहां इलाज और राहत कार्यों को और मजबूत किया जा सके.

दोषियों को सजा दी जाएगी- खेमचंद युमनाम

खेमचंद युमनाम ने आगे लिखा कि मैं मरीजों के जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूं और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. सरकार इस मामले की जांच कराएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी.

शिजा अस्पताल ने दिया बयान

चंदेल जिले के शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन खुंडोंगबाम ने कहा कि जब मरीज यहां आए तो हमें पता चला कि यह मेथेनॉल पॉइज़निंग का मामला है. ये मुख्य रूप से चकपिकारोंग इलाके से जुड़ा है. अब तक हमारे पास 140 मरीज आ चुके हैं, जिनमें से दुर्भाग्य से एक की मौत हो गई है. उन्हें मृत अवस्था में ही लाया गया था. तीन मरीज़ों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस चल रहा है.

हमारे पास तैयार किए गए सभी बिस्तर भर चुके हैं, इसलिए हमने राज्य स्वास्थ्य विभाग, RIMS और JNIMS से मरीज़ों के इलाज में मदद मांगी है. हम कुछ मरीजो को दूसरे केंद्रों में भेज रहे हैं, जबकि जिन गंभीर मरीज़ों को लाइफ सपोर्ट या हीमोडायलिसिस की जरूरत है, उन्हें हम यहीं रख रहे हैं. मुख्यमंत्री ने यहां आकर सभी मरीजो को भरोसा दिलाया है कि राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर संभव मदद की जाएगी.

चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक का बयान

मणिपुर के चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों ने जो शराब कथित तौर पर पी थी वह काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी. उन्होंने कहा कि चंदेल में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या कच्ची शराब के उत्पादन की कोई जानकारी नहीं है.पुलिस के बयान में कहा गया, “आम लोगों को अगली सूचना तक स्थानीय स्तर पर बनी शराब का सेवन नहीं करने की सलाह दी जाती है.

’’ 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *