महोबा शहर के मोहल्ला समद नगर में 30 वर्षीय विवाहिता ममता साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. ससुराल पक्ष जहां इसे आत्महत्या बता रहा है. वहीं मायके पक्ष ने पति, सास-ससुर और देवर पर प्रताड़ना व हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बताया गया कि शुक्रवार रात ममता अपने घर में फंदे से लटकती पाई गई थी. आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया. हालांकि, झांसी ले जाते वक्त बरुआसागर के पास ममता ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजन शव को वापस महोबा जिला अस्पताल ले आए.
‘यह साबित कर रहा है कि…’, PDA रथ के भगवा रंग पर ओपी राजभर का हमला
मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
इस घटना के बाद से मृतका के मायके में मातम का माहौल है. हमीरपुर जिले के कुनेटा ग्राम उटनी निवासी मृतका के पिता रमेश, मां सुनीता और बहन ऊषा ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का सीधा आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि वर्ष 2017 में विवाह के बाद से ही पति गोरेलाल साहू, सास, ससुर हरिश्चंद्र और देवर नीरज उसे लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे.
पति ने फोन पर बात करने पर लगा रखी थी पाबंदी
मायके पक्ष के मुताबिक, ममता को उम्मीद थी कि समय के साथ और दो बच्चों 3 साल की काव्या और 1 साल के शुभ के जन्म के बाद हालात सुधर जाएंगे, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला कभी खत्म नहीं हुआ. परिजनों का यह भी आरोप है कि पति खर्चा नहीं देता था और फोन पर बात करने पर भी पाबंदी लगा रखी थी.
पति, सास-ससुर और देवर पर कार्रवाई की मांग
वहीं घटना की सूचना मिलने पर शनिवार सुबह पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतका के परिजनों ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपते हुए पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है.
बांदा-चित्रकूट में BSP को बड़ा झटका, मयंक द्विवेदी ने थामा सपा का दामन
