महोबा में पहाड़ की एक खदान में बीएससी छात्र का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक छात्र पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश का रहने वाला था, जिसने मौत से पहले अपनी मां को फोन पर आखिरी बात की थी. घटना की सूचना मिलते ही यूपी और एमपी दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, जबकि परिजन हत्या की साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
हाल ही में युवक ने Bsc की डिग्री की थी पूरी
महोबा जनपद में शहर कोतवाली क्षेत्र के कुम्हरौड़ा गांव स्थित पहाड़ खदान की यह घटना है, जब वहां एक युवक का संदिग्ध शव पड़ा मिला. मृतक की शिनाख्त मध्य प्रदेश के लवकुश नगर थाना अंतर्गत हरद्वार गांव निवासी सुनील के रूप में हुई है. सुनील बीएससी का छात्र था और हाल ही में उसने अपनी डिग्री पूरी की थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए महोबा शहर कोतवाली पुलिस और मध्य प्रदेश की लवकुश नगर पुलिस, दोनों ही टीमें मौके पर पहुंचीं.
‘दीदी थीं, दीदी हैं और दीदी रहेंगी भी…’, बंगाल चुनाव के रिजल्ट से पहले अखिलेश यादव ने दिया संदेश
मरने से पहले किया था मां को फोन
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. वहीं, इस घटना ने कई अनसुलझे सवाल छोड़ दिए हैं. मृतक के परिजनों का कहना है कि सुनील सुबह घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद उसने अपनी मां को फोन किया. फोन पर सुनील ने जो कहा उसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
‘आज के बाद मेरा मुंह नहीं देख पाओगी’
सुनील ने अपनी मां से कहा था कि, आज के बाद मेरा मुंह नहीं देख पाओगी, मुझे दो घंटे के अंदर ढूंढ लो. इसके महज ढाई घंटे बाद ही उसकी लाश महोबा की खदान में मिली. परिजनों का दावा है कि घर में किसी भी तरह का कोई विवाद या झगड़ा नहीं था. उन्हें अंदेशा है कि सुनील को या तो यहां लाया गया है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है.
भाई विशाल और चाचा विपिन कुशवाहा ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि यह साफ हो सके कि सुनील ने खुद छलांग लगाई या उसे किसी ने धक्का दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है.
महोबा में गहराया जल संकट, पानी की समस्या को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, ट्यूबेल ऑपरेटर पर भी आरोप
