बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद सिंगर मीका सिंह ने मुंबई शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने एक वीडियो शेयर कर टाइगर की सलामती और तंदुरुस्ती की कामना की. साथ ही उनका मानना है कि आज से करीब 20 साल पहले मुंबई देश के साथ-साथ दुनिया का सबसे सेफ शहर था. लेकिन आज ऐसा नहीं है.
मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने सबसे पहले इस वीडियो में टाइगर श्रॉफ की हेल्थ की कामना की. उन्होंने कहा, ‘जैसा कि आप सभी को पता है कि टाइगर श्रॉफ के ऊपर गोली चली है. किस्मत से वो बच गए और हम भगवान से ये ही प्रार्थना करेंगे कि वो सेफ रहें, तंदरुस्त रहें.’
मीका बोले, ‘अब मुंबई सेफ नहीं’
इस वीडियो के जरिए उन्होंने ये भी बताया कि सेफ्टी के मामले में 2005 की मुंबई और आज की मुंबई बहुत बदल चुकी है. उन्होंने कहा, ‘मैं एक छोटा सी स्टोरी आपके साथ शेयर करना चाहूंगा कि 2005 में मैं मुंबई आया. जब मैं मुंबई में आया था तो मैं पूरे दिल्ली, पंजाब में जाके, पूरे व्लर्ड में जाके एक ही न्यूज फैलाता था कि व्लर्ड में सबसे सेफ सिटी कोई है, तो वो मुंबई है, जहां पर लोग सुबह 6 बजे तक काम करते हैं और ऐसे ही घूम सकते हैं, बिना किसी सिक्योरिटी के क्योंकि मुंबई बहुत अच्छा है. मुंबई के लोग बहुत अच्छे हैं, सबसे सेफ है.’
इसके बाद उन्होंने आज की हालत देखकर कहा, ‘मुझे लगता है कि शायद ये एक मिसाल बनके रह गया है.’
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, ‘ये जो टाइगर श्रॉफ के साथ हुआ है, वो भी उस दौरान जब ये फेस्टिवल का सीजन चल रहा है, गरबा चल रहा है, डांडिया चल रहा है. उसके दौरान इतना बड़ा हादसा हुआ है तो मैं हाथ जोड़ के सरकार से बोलना चाहता हूं कि आप लोग प्लीज इस मुद्दे पर सीरियसली एक्शन लें, आज टाइगर के साथ हुआ है कल को किसी के साथ भी हो सकता है.’
टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बारे में
बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. इस घटना में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए. मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है.
बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट और एक ऑडियो क्लिप के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली है. टाइगर के साथ हुई इस घटना ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
