Headlines

मुंबई क्राइम ब्रांच में बड़ा फेरबदल, टाइगर श्रॉफ-रोहित शेट्टी फायरिंग केस छीने


मुंबई क्राइम ब्रांच में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है. मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) से कई हाई प्रोफाइल मामलों की जांच वापस लेकर दूसरी यूनिट्स को सौंप दी गई है. इनमें बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले भी शामिल हैं.

इस फैसले के बाद क्राइम ब्रांच के भीतर हलचल तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की एलीट यूनिट एंटी एक्सटॉर्शन सेल की जांच में कुछ कथित रूप से विसंगतियां सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया है. सेल के पास मौजूद 3 से 4 महत्वपूर्ण मामलों को दूसरी यूनिट्स में ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया है.

इतना ही नहीं, अब सेल की ओर से पहले की गई अवैध हथियारों की बरामदगी से जुड़े पुराने मामलों की फाइलों की भी जांच की जाएगी. एक अन्य मामले में सेल के खिलाफ आंतरिक जांच के आदेश भी दिए गए हैं.

क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 को सौंपी टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस की जांच

टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई फायरिंग के मामले में हाल ही में मकोका की धाराएं लगाई गई थीं. इसके बाद इस केस को एंटी एक्सटॉर्शन सेल से लेकर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सौंप दिया गया है. मामले की जांच के लिए ACP सदाशिव राणे को नियुक्त किया गया है. उनके नेतृत्व में यूनिट-2 की विशेष टीम जांच करेगी.

एक अधिकारी ने बताया कि मकोका के प्रावधानों के तहत इस तरह के मामलों की जांच ACP स्तर के अधिकारी द्वारा किया जाना जरूरी है. इसी कानूनी प्रावधान के तहत टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस को ACP (सेंट्रल) के पास ट्रांसफर किया गया है.

पुराने मामलों की भी होगी जांच

पुलिस कमिश्नर का यह फैसला सिर्फ मौजूदा हाई प्रोफाइल मामलों तक सीमित नहीं है. एंटी एक्सटॉर्शन सेल की ओर से पहले की गई अवैध हथियारों की बरामदगी और उससे जुड़े मामलों में कथित विसंगतियों की भी पड़ताल की जाएगी. इसके लिए पुरानी फाइलें दोबारा खोली जा रही हैं. माना जा रहा है कि जांच के दौरान इन मामलों से जुड़े कई अहम पहलुओं की समीक्षा की जाएगी.

मीडिया में जानकारी लीक होने की भी चर्चा

इस पूरे फेरबदल के पीछे आधिकारिक तौर पर प्रशासनिक और कानूनी कारण बताए जा रहे हैं. हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच से जुड़ी गोपनीय जानकारियां मीडिया में लीक होने की शिकायतें भी इस कार्रवाई की वजहों में शामिल हो सकती हैं. इस घटनाक्रम से एंटी एक्सटॉर्शन सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भी असमंजस की स्थिति है.

गौरतलब है कि एंटी एक्सटॉर्शन सेल इससे पहले अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड जैसे कई बड़े मामलों की जांच कर चुकी है. अब हाई प्रोफाइल केस दूसरी यूनिट्स को सौंपे जाने और पुरानी फाइलों की जांच के निर्देश के बाद इस सेल की कार्यप्रणाली भी जांच के दायरे में आ गई है.

NCP विलय पर सुप्रिया सुले के बयान से सियासी हलचल, संजय राऊत का भी बड़ा बयान



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *