Headlines

‘मेरी तरफ से सिर्फ प्यार है’, बम की धमकियों से नहीं डरे दिलजीत दोसांझ, मुंबई कॉन्सर्ट में दिया तो टूक जवाब


‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत मशहूर सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक के बाद एक शहरों में कॉन्सर्ट कर रहे हैं. 15 नवंबर को वो कॉन्सर्ट के लिए इंदौर आए थे. फिर उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म किया. जबकि शुक्रवार, 27 नवंबर को दिलजीत ने ‘मायानगरी’ मुंबई में प्रस्तुति दी.

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट लगातार चर्चा में बने हुए हैं. इंदौर कॉन्सर्ट से पहले ई-मेल के जरिए कार्यक्रम स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. ऐसा ही कुछ मुंबई कॉन्सर्ट के पहले भी हुआ था. उनके मुंबई के कार्यक्रम स्थल और मेट्रो स्टेशन को भी ई-मेल के जरिए बम ब्लास्ट की धमकी दी गई थी. धमकियों पर दिलजीत ने मुंबई के कॉन्सर्ट में रिएक्ट किया और जो कहा उससे फैंस का दिल जीत लिया.

दिलजीत दोसांझ बोले- ‘मेरी तरफ से सिर्फ प्यार है’

शुक्रवार को दिलजीत दोसांझ ने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित अपने कॉन्सर्ट में अपने गानों से फैंस का दिल जीत लिया. वहीं कॉन्सर्ट में बम धमकियों पर दिया गया उनका बयान भी चर्चा में है. सिंगर ने कहा, ‘मेरी तरफ से सिर्फ प्यार है. बाकी, वे बम फेंकने की धमकी दे सकते हैं, लेकिन मेरा दिल प्यार से भरा हुआ है.’

मुंबई की मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर को मिला था धमकी भरा ई-मेल

गुरुवार को मुंबई की मेयर रितु तावड़े और म्युनिसिपल कमिश्नर अश्विनी भिड़े को एक धमकी भरा ई-मेल मिला था. जिसमें महालक्ष्मी रेसकोर्स और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम के लिए सुरक्षा और कड़ी कर दी थी.

500 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे तैनात

समाचार एजेंसी ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ (PTI) ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी थी कि दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट में 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. वहीं सादे कपड़ों में भी पुलिस जवान तैनात रहेंगे. धमकी मिलने के बाद ‘बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड’ ने कार्यक्रम स्थल का दौरा करते हुए तलाशी ली. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में बैनर, साइनबोर्ड, झंडे और पोस्टर ले जाने पर भी रोक लगा दी गई थी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *