Headlines

Explained: क्या महिला आरक्षण से मोदी सरकार के दाग धुल जाएंगे? NEET से EC और UGC तक विवाद


दिल्ली की सियासत में इन दिनों एक ही चर्चा है कि मोदी सरकार 30 नवंबर 2026 से बुलाए गए संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़ा परिसीमन विधेयक पास कराने की तैयारी में है. सरकार का तर्क है कि यह महिलाओं के नेतृत्व को मजबूत करने का ऐतिहासिक कदम है. विपक्ष का आरोप है कि यह NEET पेपर लीक, UGC के विवादित नियमों और राम मंदिर के ‘चंदा चोरी’ जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है.

लेकिन क्या महिला आरक्षण का कानून पास हो जाने से सरकार यह दाग धो देगी?

सरकार पर तीनों दाग कितने गहरे हैं?

सबसे पहले NEET पेपर लीक की बात. जुलाई 2024 में पहला बड़ा पेपर लीक हुआ था और महज 22 महीनों के भीतर 2026 में दूसरा लीक सामने आया. सुप्रीम कोर्ट इस मामले में सरकार की हर कार्रवाई की निगरानी कर रहा है. 7 नवंबर 2026 को कोर्ट ने कहा कि पेपर लीक के बाद प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए भारतीय वायुसेना की तैनाती केवल एक ‘एडहॉक’ इंतजाम है, यह स्थायी समाधान नहीं हो सकता. सुप्रीम कोर्ट सरकार से पूरे साल सुधारों की प्रगति पर नजर रखेगा.

UGC का विवाद ‘इक्विटी रेगुलेशंस 2026’ को लेकर है. ये नियम उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकने के लिए लाए गए थे, लेकिन 29 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने इन पर अंतरिम रोक लगा दी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्रावधान ‘पहली नजर में साफ नहीं है’ हैं और इनका दुरुपयोग हो सकता है.

सुप्रम कोर्ट ने 2012 के पुराने नियमों को लागू रखने का आदेश दिया. सरकार ने अब एक विशेष कमेटी बनाने की बात कही है, लेकिन यह विवाद अभी सुलझा नहीं है. इसका सियासी असर यह है कि उच्च जाति के एक वर्ग में सरकार के खिलाफ नाराजगी दिख रही है, जिसे विपक्ष भुनाने की कोशिश में है.

‘चंदा चोरी’ का मुद्दा अयोध्या के राम मंदिर से जुड़ा है. आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल का आरोप है कि मंदिर में चढ़ावे और दान में हेराफेरी हुई है. उन्होंने 12 जुलाई 2026 से एक राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया, जिसमें प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है.

केजरीवाल ने कहा कि 40 दिनों में 70 बार चोरी की घटनाएं CCTV में कैद हुईं, लेकिन 8 महीने की रिकॉर्डिंग मिटा दी गई. BJP इसे ‘राजनीतिक नाटक’ बताती है, लेकिन यह मुद्दा धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होने के कारण सरकार के लिए असहज बना हुआ है.

महिला आरक्षण और परिसीमन का पूरा गणित क्या है?

महिला आरक्षण का कानून यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद से पास हो चुका था, लेकिन यह तभी लागू हो सकता है जब पहले परिसीमन हो, यानी लोकसभा और विधानसभा सीटों का पुनर्निर्धारण. सरकार की योजना 2011 की जनगणना के आधार पर सीटें बढ़ाने की है, ताकि 2029 तक महिला आरक्षण लागू किया जा सके.

इसी मकसद से संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लाया गया था, लेकिन 17 अप्रैल 2026 को यह लोकसभा में 298 के मुकाबले 230 वोटों से हार गया, क्योंकि दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट चाहिए थे. विपक्ष का विरोध था कि परिसीमन से दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो जाएगा और महिला आरक्षण में अनिश्चितकालीन देरी हो जाएगी.

अब सरकार इसी विधेयक को नए सिरे से लाने की तैयारी में है. शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर चर्चा हुई, हालांकि सरकार ने आधिकारिक एजेंडा नहीं बताया.

अगर DMK और NCP (SP) साथ आते हैं, तो संख्या 350 तक पहुंच सकती है. YSRCP के 4 सांसदों के समर्थन से यह 355 हो सकती है यानी 360 के करीब

तो क्या यह दांव दाग धो पाएगा?

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यहां दो अलग-अलग चीजों को समझना जरूरी है:

  • नैरेटिव सेट करना और समाधान: महिला आरक्षण बिल पास हो जाने से सरकार को एक बड़ी उपलब्धि का ऐलान करने का मौका मिलेगा. वह कह सकेगी कि उसने महिलाओं को राजनीतिक ताकत दी है. मीडिया और चर्चाओं का रुख कुछ समय के लिए बदल जाएगा, लेकिन क्या इससे NEET पेपर लीक की जांच धीमी हो जाएगी या UGC के नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी खत्म हो जाएगी या राम मंदिर के दान की जांच में तेजी आ जाएगी? नहीं. ये तीनों मुद्दे अपनी जगह बने रहेंगे, क्योंकि ये कानूनी और संस्थागत प्रक्रियाओं से जुड़े हैं, सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी से नहीं.
  • विपक्ष भी बनाएगा हथियार: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे ‘सुपर-टेंटेड’ विधेयक बताते हुए कहा है कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन को आगे बढ़ा रही है. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा है कि वे ‘अडिग’ हैं और राज्य के हितों से समझौता नहीं करेंगे. यानी बिल पास होने के बाद भी बहस खत्म नहीं होगी, बल्कि नया मोर्चा खुल सकता है. क्या यह सच में महिला सशक्तिकरण है या सिर्फ सीटों का गणित.

पॉलिटिकल एक्सपर्ट रशीद किदवई कहते हैं कि महिला आरक्षण का फायदा राजनीतिक रूप से तभी मिलेगा जब इसे लागू होते देखा जाए. 2029 का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन परिसीमन पर सहमति बनना, नई सीटों का परिसीमन होना और उसके बाद आरक्षण लागू होना. यह एक लंबी प्रक्रिया है. तब तक NEET, UGC और चंदा चोरी के मामले सुप्रीम कोर्ट और जनता के सामने जस के तस रहेंगे. सरकार इन्हें भुला सकती है, लेकिन धो नहीं सकती.’

इसका जवाब सिर्फ एक विधेयक पास करके नहीं दिया जा सकता. महिला आरक्षण एक अलग और महत्वपूर्ण एजेंडा है, लेकिन इसे ‘ढाल’ बनाकर बाकी मुद्दों से पीछा छुड़ाना इतना आसान नहीं होगा. सियासत में नैरेटिव बदल सकता है, लेकिन जनता के सवाल और कोर्ट के आदेश अपनी जगह रहते हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *