Pankaj Bhadouria Breast Cancer: कैंसर एक ऐसी बीमारी होती है जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह बदलकर रख देती है. बॉलीवुड के कई सेलेब्स कैंसर से जूझ चुके हैं. कुछ इसे हराने में सफल रहे तो कुछ इसके आगे हार गए. इन दिनों इस गंभीर बीमारी से ‘मास्टर शेफ इंडिया’ सीजन 1 की विनर पंकज भदौरिया भी जूझ रही हैं. उन्हें मई में ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था. हालांकि वो डटकर इस बीमारी का हिम्मत और साहस से सामना कर रही हैं. वो लगातार सोशल मीडिया पर अपनी कैंसर जर्नी को लेकर बात करती रहती हैं. अब उन्होंने अपना हेल्थ अपडेट शेयर किया है.
कैंसर पर छलका पंकज भदौरिया का दर्द
पंकज भदौरिया ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपना हेल्थ अपडेट देते हुए अपनी एक तस्वीर शेयर की है. इसमें वो ब्लैक कपड़ों में नजर आ रही हैं. तस्वीर के ऊपर लिखा हुआ है, ‘कैंसर ने मेरे शरीर की परीक्षा ली. लेकिन, ये मेरा हौंसला नहीं तोड़ पाया. मैं अब मकसद के साथ जीती हूं.’
वहीं पोस्ट के कैप्शन में पंकज ने लिखा, ‘कैंसर मेरी कहानी का एक चैप्टर बन गया, हालांकि ये कभी भी मेरी पूरे कहानी नहीं हो सकती. इस सफर ने मेरे शरीर का टेस्ट लिया, मेरे हौंसले को बढ़ाया और मुझे जीवन जीवन का एक नया उद्देश्य मिल गया. मैं इससे ठीक हो रही हूं. मैं रोज शुक्रगुज़ारी, हिम्मत और खुशी के साथ जीऊंगी जो कि मैंने तय किया है. जो इसे पढ़ रही है हर उस महिला से मैं गुजारिश करती हूं कि अपना हेल्थ चेकअप रेगुलर कराते रहे. सब कुछ बदल सकता है अगर बीमारी का पता जल्दी चल जाए तो. उम्मीद रखने, किसी उद्देश्य के साथ जीने और स्वस्थ होने का जश्न मनाए.’
मई 2026 में किया था ब्रेस्ट कैंसर का खुलासा
बता दें कि पंकज ने अपने ब्रेस्ट कैंसर का खुलासा 28 मई 2026 को किया था. उन्होंने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, ‘मुझे ब्रेस्ट कैंसर हुआ है. मुझे आपके समर्थन और प्रार्थना की जरूरत है.’
2010 में बनी थीं ‘मास्टर शेफ इंडिया 1’ की विनर
बता दें कि पंकज ने साल 2010 में मास्टर शेफ इंडिया के पहले सीजन का खिताब अपने नाम किया था और वो काफी पॉपुलर हो गई थीं. इससे पहले पंकज लखनऊ के स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थीं.
